
उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के खिलाडिय़ों ने नोएडा की गलगोटिया यूनिवर्सिटी में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में चार मेडल जीते हैं। विश्वविद्यालय के दल ने पंजा कुश्ती में पहली बार हिस्सा लेते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
प्रतियोगिता में शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के यावर अली ने राइट हैंड स्पर्धा में गोल्ड और लेफ्ट हैंड में सिल्वर मेडल हासिल किया। इसी विभाग की योगिता राज गोस्वामी ने राइट हैंड में सिल्वर और कबीर खान ने राइट हैंड स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के निदेशक डॉ. वीरेंद्र चावरे ने बताया कि विश्वविद्यालय ने प्रथम वर्ष ही नए खेल पंजा कुश्ती का आयोजन किया था। इसके विजेता खिलाडिय़ों ने पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग लेते हुए चार मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि पर कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज, डॉ. अनिल शर्मा, प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा, डॉ. वीरेंद्र चावरे, प्रो. संदीप तिवारी, प्रो. राजेश टेलर, डॉ. राकेश चावरे, मोइन अली, डॉ. गणपत अहिरवार, डॉ. कनिया मेड़ा, डॉ. राज बोरिया, डॉ. कमल बुनकर और डॉ. सलिल सिंह ने विभाग के निदेशक, शिक्षकों व खिलाडिय़ों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
