दिल्ली वंडर्स क्लब ने रवि ब्रदर्स को 28 रन से हराया

नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली वंडर्स क्लब ने 51वें ऑल इंडिया गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के ग्रुप डी लीग मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए रवि ब्रदर्स को सोमवार को 28 रन से पराजित किया। सेंट स्टीफंस कॉलेज ग्राउंड, दिल्ली में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली वंडर्स ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में बेहतरीन खेल दिखाया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली वंडर्स क्लब ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से संस्कार रावत ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 49 गेंदों में 103 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। गगन वत्स ने 15 रन और हर्षित सेठी ने 13 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। रवि ब्रदर्स की ओर से मयंक गुसाई सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि सिद्धार्थ चौधरी ने 2 विकेट अपने नाम किए।

247 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रवि ब्रदर्स की टीम 19.5 ओवर में 219 रन पर ऑल आउट हो गई। कृष्णा भदाना ने 41 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि आयुष दोसेजा ने 33 और मनन भारद्वाज ने 28 रन का योगदान दिया। हालांकि, बढ़ते रन रेट के दबाव में टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। दिल्ली वंडर्स की ओर से वरुण ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। करण चौधरी ने 3 विकेट और बॉबी यादव ने 2 महत्वपूर्ण विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

संस्कार रावत को उनकी शानदार शतकीय पारी और मैदान पर 3 कैच लेने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, रवि ब्रदर्स के मयंक गुसाई को 3 विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन के लिए फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। पुरस्कार वितरण गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी (रजि.) के कोषाध्यक्ष मुकुल शर्मा एवं मूलचंद शर्मा ने किया।

पुरस्कार विजेता:

मैन ऑफ द मैच: संस्कार रावत (103 रन एवं 3 कैच)

फाइटर ऑफ द मैच: मयंक गुसाई (4 ओवर, 33 रन, 3 विकेट)

Next Post

नगर निगम खंगाल रहा खाली पड़ी सरकारी जमीनों की फाइल

Tue Jun 9 , 2026
उज्जैन: महाकाल की नगरी उज्जैन तेजी से विकास की नई इबारत लिख रही है. शहर में एक साथ चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण, सीवरेज, सड़क, पार्किंग और अधोसंरचना से जुड़े दर्जनों प्रकल्पों पर काम चल रहा है. नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप इस […]

You May Like