शेनझेन, 19 नवंबर (वार्ता)। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को द्विपक्षीय संबंधों में ‘रणनीतिक स्थिरता वाले रचनात्मक संबंध’ विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने व्यापार, ताइवान और सुरक्षा से जुड़े मतभेदों के बावजूद संबंधों में सकारात्मक गति बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) के आर्थिक नेताओं की बैठक से इतर शेनझेन में हुई वार्ता में श्री जिनपिंग ने कहा कि दोनों देशों ने दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच संबंधों के प्रबंधन के लिए आपसी सम्मान, निष्पक्षता और पारस्परिकता पर आधारित एक नया दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में मिलकर काम किया है।
द्विपक्षीय संबंधों की मौजूदा दिशा को सकारात्मक बताते हुए श्री जिनपिंग ने कहा कि इनकी समग्र स्थिरता से चीन और अमेरिका के लोगों को ठोस लाभ मिला है तथा दुनिया में स्थिरता और निश्चितता आई है। उन्होंने कहा, “मैं राष्ट्रपति श्री ट्रंप के साथ मिलकर चीन-अमेरिका संबंधों की कमान संभालते रहने और यह सुनिश्चित करने के लिए उत्सुक हूं कि यह विशाल जहाज हमेशा सही दिशा में आगे बढ़े और पूरी गति से अपनी यात्रा जारी रखे।”
श्री जिनपिंग ने रणनीतिक स्थिरता वाले रचनात्मक संबंध स्थापित करने के प्रयास को “अभूतपूर्व और ऐतिहासिक पहल” बताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को दोनों नेताओं के बीच बनी सहमति को ठोस नतीजों में बदलने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता और व्यावहारिक कदम उठाने होंगे।
उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों के बीच संवाद द्विपक्षीय संबंधों में हो रहे बदलावों के अनुरूप होना चाहिए। श्री शी ने दोनों पक्षों से आग्रह किया कि वे “सहयोग के मुद्दों की सूची लंबी और समस्याओं की सूची छोटी करें।”
उन्होंने कहा कि जिन मतभेदों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उन्हें रचनात्मक तरीके से संभालना चाहिए, ताकि तनाव बढ़ने से रोका जा सके। श्री शी ने संबंधों में किसी भी तरह की गिरावट से बचने के लिए संवाद बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ताइवान के मुद्दे पर श्री शी ने अमेरिका से “सही काम करते रहने” का आग्रह किया और ऐसी किसी भी कार्रवाई के खिलाफ चेतावनी दी, जिससे द्विपक्षीय संबंधों को बड़ा झटका लग सकता है। दूसरी ओर, श्री ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ‘ताइवान की स्वतंत्रता’ का समर्थन नहीं करता है। उन्होंने दोनों देशों के बीच सहयोग जारी रखने की भी पैरवी की।
चीनी राष्ट्रपति ने दोनों देशों की चिंताओं का समाधान करने और पारस्परिक लाभ वाले नतीजे हासिल करने के लिए आर्थिक एवं व्यापारिक संवाद मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, अवैध प्रवासियों को वापस भेजने तथा दूरसंचार और साइबर धोखाधड़ी से निपटने में सहयोग का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आपसी सम्मान और पारस्परिकता के आधार पर इन प्रयासों का विस्तार किया जा सकता है।
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया, विशेष रूप से सुरक्षा जोखिमों को रोकने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि एआई मानव नियंत्रण में रहे। श्री ट्रंप ने चीन की मेजबानी के लिए आभार जताया और श्री जिनपिंग के साथ अपने संबंधों को लगातार अधिक करीबी बताया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत बातचीत ने द्विपक्षीय संबंधों की दिशा तय करने में मदद की है।
श्री ट्रंप ने कहा कि चार दशक से अधिक समय पहले राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद से दोनों देशों ने महत्वपूर्ण प्रगति की है और उनके बीच व्यापार तथा निवेश का विस्तार जारी रहा है। उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों की सकारात्मक गति बनाए रखने और कृषि उत्पादों, ऊर्जा तथा ‘सुपर इंटेलिजेंस’ के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की चिंताओं का निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाना चाहिए।
श्री ट्रंप ने कहा, “अमेरिका बहुत शक्तिशाली है। चीन भी बहुत शक्तिशाली है। दुनिया में शांति और स्थिरता का नेतृत्व करने तथा उसे बढ़ावा देने के लिए हमारे दोनों देशों को मिलकर काम करना होगा।” दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की। बैठक को सकारात्मक और रचनात्मक बताते हुए दोनों पक्षों ने रणनीतिक स्थिरता वाले संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने, राष्ट्रपतियों के बीच बनी सहमति लागू करने और आपसी सम्मान, निष्पक्षता तथा पारस्परिकता के आधार पर संबंध विकसित करने पर सहमति जताई।
