ट्रंप ने हेगसेथ से हुयी बहस की रिपोर्टो को खारिज करते हुए इसे बेबुनियाद बताया

वॉशिंगटन, 07 अगस्त (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश में हथियारों के घटते भंडार को लेकर रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से हुयी बहस की रिपोर्टो को खारिज करते हुए इन आरोपों को “फर्जी” और “पूरी तरह से बेबुनियाद” बताया है।

‘द वॉशिंगटन पोस्ट’ की एक रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा कि उन्हें श्री हेगसेथ पर “पूरा भरोसा” है और उन्होंने पेंटागन में उनके काम की तारीफ की।

श्री ट्रंप ने लिखा, “हमेशा की तरह, ‘फेक न्यूज़’ झूठी और पूरी तरह से बेबुनियाद अफवाहें फैला रही है। पीट हेगसेथ जो काम कर रहे हैं, उससे मैं बेहद खुश हूं।” उन्होंने श्री हेगसेथ के नेतृत्व में किए गए सैन्य अभियानों का जिक्र किया, जिनमें वेनेजुएला और ईरान से जुड़े मिशन शामिल हैं और कहा कि दोनों ने अपने लक्ष्य हासिल किए। उन्होंने सेना में भर्ती की संख्या बढ़ाने और विभाग से विविधता, समानता और समावेश (डीईआई) कार्यक्रमों को हटाने का श्रेय भी रक्षा प्रमुख को दिया।

श्री ट्रंप ने ‘द वॉशिंगटन पोस्ट’ की आलोचना करते हुए इस प्रकाशन को “इस क्षेत्र के सबसे खराब मीडिया संस्थान में से एक” बताया और दावा किया कि प्रकाशन से पहले ही उन्हें चेतावनी दी गई थी कि रिपोर्ट “पूरी तरह से गलत” है। उन्होंने इस कवरेज को “देशद्रोहपूर्ण” भी करार दिया।

अखबार ने मामले की जानकारी रखने वाले लोगों का हवाला देते हुए रिपोर्ट दी कि पिछले हफ्ते कैंप डेविड में कैबिनेट बैठक के दौरान श्री ट्रंप ने श्री हेगसेथ के प्रति नाराजगी जताई थी। यह नाराजगी लंबी दूरी की मिसाइलों और वायु रक्षा इंटरसेप्टर सहित महत्वपूर्ण सैन्य आपूर्ति में कथित कमी को लेकर थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान के साथ चल रहे तनाव के बीच इन कमियों ने अमेरिकी सैन्य क्षमताओं को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

रिपोर्ट के अनुसार श्री हेगसेथ ने राष्ट्रपति को गुमराह करने से इनकार किया और पूरी ब्रीफिंग न हो पाने के लिए उप रक्षा मंत्री स्टीफन फीनबर्ग को जिम्मेदार ठहराया।

व्हाइट हाउस और पेंटागन दोनों ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि बताई गई बहस “कभी हुई ही नहीं” और दोहराया कि श्री ट्रंप को श्री हेगसेथ पर “पूरा भरोसा” है।

पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने भी इन दावों का खंडन करते हुए कहा कि श्री हेगसेथ ने अमेरिकी गोला-बारूद की आपूर्ति के बारे में गलत जानकारी नहीं दी थी और न ही किसी संभावित कमी के लिए श्री फीनबर्ग को दोषी ठहराया था।

 

Next Post

शिंदे ने की पीएम मोदी से मुलाकात

Fri Aug 7 , 2026
नयी दिल्ली, 07 अगस्त (वार्ता) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यहां शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने देश भर की राजनीतिक स्थिति की समीक्षा के लिए एनडीए के घटक दलों के नेताओं के साथ चल रही चर्चाओं के बीच श्री शिंदे […]

You May Like