ग्वालियर: जीवाजी विश्वविद्यालय के सेंट्रल इंस्ट्रूमेंटेशन फैसिलिटी सेंटर में मंगलवार को “लगातार बदलती दुनिया और जीवनशैली का हमारे मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर में प्रारंभ होगा। कार्यक्रम का आयोजन एनटीएफ की नोडल अधिकारी डॉ.साधना श्रीवास्तव द्वारा किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि तेज़ी से बदलते परिवेश, बढ़ते तनाव, डिजिटल जीवनशैली और प्रतिस्पर्धा के दौर में युवाओं से लेकर सभी आयु वर्ग के लोगों के मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में जागरूकता और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशीलता बेहद आवश्यक है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलगुरु डॉ. राजकुमार आचार्य करेंगे। कुलगुरु ने कहा कि स्वस्थ मानसिक स्थिति ही किसी भी व्यक्ति के संपूर्ण विकास की आधारशिला होती है।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, बदलती जीवनशैली के प्रभाव और समाधान पर विस्तार से मार्गदर्शन देंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागों के शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है।यह कार्यक्रम मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ाने की दिशा में सार्थक पहल माना जा रहा है।
