
इंदौर. धार रोड पर तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 15वीं बटालियन के छह जवानों की जान बाल-बाल बची. नीमच में वीआईपी ड्यूटी पूरी कर इंदौर लौट रहे जवानों की इनोवा कार ग्राम बांक के राजकुमार नगर के सामने हाइवा क्रेन से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया. गाड़ी के परखच्चे उड़ गए, लेकिन ऐन वक्त पर एयरबैग खुलने से सभी छह जवान सुरक्षित बच गए, किसी को गंभीर चोट नहीं आई.
हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई थी, कार नम्बर एमपी 09 टीए 8278 में सवार जवान नीमच से ड्यूटी पूरी कर लौट रहे थे. इसी दौरान धार रोड पर उनकी कार सड़क पर मौजूद हाइवा क्रेन से टकरा गई. टक्कर के बाद कार में सवार जवानों को चोटें आईं. सूचना मिलते ही चंदन नगर थाने की एफआरवी मौके पर पहुंची और सभी छह जवानों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि हादसे में 15वीं बटालियन के छह जवान घायल हुए हैं. सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, किसी को गंभीर चोट नहीं आई है.
