नया खेरा के बच्चे स्कूल जाने के लिए जान जोखिम में डाल पार करते हैं कीचड़ और नदी

छतरपुर। छतरपुर जिले के भगवां के पास स्थित नया खेरा गांव में बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा दोनों संकट में है। गांव के स्कूली बच्चे प्रतिदिन कीचड़ भरे रास्तों और उफनती नदी को पार कर स्कूल पहुँचने को मजबूर हैं। यह हालात खासकर बारिश के मौसम में और भी खतरनाक हो जाते हैं।

यहां छोटे बच्चे कमर तक कीचड़ में फंसे नजर आए, वहीं कुछ बच्चे नदी पार करने की कोशिश में जोखिम उठाते दिखे। ग्रामीणों ने इसे जनसमस्या बताते हुए प्रशासन से जल्द समाधान की माँग की है।

स्थानीय निवासी ममता लोधी ने बताया, हमारे बच्चे छोटे हैं, लेकिन स्कूल जाने के लिए कोई सुरक्षित रास्ता नहीं है। बारिश में हालात बिगड़ जाते हैं। कई बार बच्चे बहते-बहते बचे हैं। महिलाओं को प्रसव के समय भी भारी परेशानी होती है। सरपंच से कई बार गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

ग्रामवासी नंदकिशोर लोधी ने कहा, हमारे गांव में यह एकमात्र रास्ता है, जो हमेशा से ऐसा ही है। घुवारा महज 2-3 किलोमीटर दूर है। यदि यहाँ एक पुल और सड़क बन जाए, तो बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ गांव के विकास का रास्ता भी खुलेगा।

ग्रामीणों की यह माँग है कि प्रशासन इस गंभीर स्थिति का संज्ञान ले और जल्द से जल्द सड़क और पुल निर्माण की कार्रवाई शुरू की जाए, ताकि बच्चों को शिक्षा के लिए जान जोखिम में न डालनी पड़े।

Next Post

भिंड में बाढ़ प्रभावितों लोगों को कराया सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भोजन पैकेट्स बांटे

Thu Jul 31 , 2025
भिण्ड। एसडीएम लहार विजय सिंह यादव, तहसीलदार मिहोना अमित दुबे एवं तहसीलदार लहार दीपक शुक्ला द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया गया। इसी क्रम में एसडीएम लहार ने ग्राम लोहचरा पहुंचकर पुलिया पर लगभग 6 फीट से अधिक पानी होने पर बैरिकेडिंग करवाकर रास्ते को […]

You May Like

मनोरंजन