प्रतिबंध के बावजूद नदियों से धड़ल्ले से रेत उत्खनन! दिन-रात दौड़ रहे ओवरलोड हाइवा, आखिर किसके संरक्षण में चल रहा अवैध कारोबार

कटनी, कटनी जिले के बरही क्षेत्र में रेत उत्खनन पर प्रतिबंध और जिम्मेदार विभागों के दावों के बावजूद नदियों से रेत निकालने तथा परिवहन का मामला लगातार चर्चा में है। जाजागढ़, बहिरघटा, सूतरी, नदावन और छिंदहाई पिपरिया क्षेत्र की नदियों में कथित तौर पर रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। वहीं दिन-रात ट्रैक्टरों और बड़े-बड़े हाइवा वाहनों से रेत की ढुलाई होने की जानकारी सामने आ रही है।

हैरानी की बात यह है कि जिम्मेदारों का कहना है कि अभी तक रेत का काम शुरू नहीं हुआ है, लेकिन दूसरी ओर सुतरी गांव से नदावन, बगैहा होते हुए दर्जनों रेत से लोड हाइवा निकलने की जानकारी मिल रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब रेत उत्खनन का काम शुरू ही नहीं हुआ तो आखिर इन वाहनों में भरकर आ रही रेत कहां से निकाली जा रही है?

ओवरलोड वाहनों से नई सड़क पर संकट

रेत से लोड ओवरलोड हाइवा वाहनों की लगातार आवाजाही का असर खितौली-बगैहा मोड़ तक बनी पीडब्ल्यूडी विभाग की नई सड़क पर भी पड़ने लगा है। लाखों-करोड़ों की लागत से बनी नई सड़क पर भारी वाहनों का दबाव सड़क की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर सवाल खड़े कर रहा है। यदि समय रहते रोक नहीं लगी तो सरकारी धन से बनी सड़क की हालत बिगड़ने में देर नहीं लगेगी।

खनिज विभाग की भूमिका पर उठ रहे सवाल

पूरे मामले में खनिज विभाग की निगरानी और स्थानीय प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। आखिर प्रतिबंध के बावजूद नदियों से रेत निकालने और बिना ठेका या वैध अनुमति के परिवहन करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? दिन-रात दौड़ रहे वाहनों की जानकारी जिम्मेदार विभागों तक नहीं पहुंच रही या फिर कार्रवाई के नाम पर चुप्पी साधी जा रही है?

अब जरूरत है कि खनिज विभाग और जिला प्रशासन संबंधित नदियों का मौके पर निरीक्षण कर उत्खनन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करें। साथ ही रेत के स्रोत, परिवहन की वैधता, ओवरलोड वाहनों और इस पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए। आखिर प्रतिबंध केवल कागजों तक सीमित है या फिर जमीनी स्तर पर भी इसका पालन कराया जाएगा?

Next Post

इंदिरा गांधी का साहसिक नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणादायी: ज्ञान

Thu Nov 19 , 2026
सीधी। कांग्रेस कार्यालय जवाहर भवन में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह सहित कांग्रेसजनों ने उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में कांग्रेसजनों ने […]

You May Like