जबलपुर। बिना तलाक युवक पर दूसरी शादी का आरोप लगा है । पहली पत्नी ने 20 लाख रुपये दहेज मांगने और प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है तो दूसरी महिला के पहले पति ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। दोनों मामलों में संबंधित पक्षों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई और न्याय की मांग की है।न्यू शास्त्री नगर, तिलवारा, गढ़ा निवासी भावना परस्ते ने बताया कि उनका विवाह 15 मई 2024 को मंडला जिले के हाथीतारा में हिंदू रीति-रिवाज से पंकज परस्ते के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही पति पंकज परस्ते और सास मालती परस्ते द्वारा 20 लाख रुपये नकद दहेज की मांग की जाने लगी।
मांग पूरी नहीं होने पर उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त किया गया। मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। भावना ने आरोप लगाया है कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि पति पंकज परस्ते ने बिना तलाक लिए दीपा उईके नामक महिला से दूसरी शादी कर ली है। इसी मामले से जुड़ी दूसरी शिकायत ग्राम परसिया, बरगी निवासी दलपत उईके ने की है। पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में दलपत ने बताया कि उनका विवाह 30 मई 2011 को दीपा उईके के साथ हुआ था।
दोनों के दो बच्चे भी हैं। दलपत के अनुसार, कुछ समय पहले वे बरगी में पंकज परस्ते के घर किराये से रहते थे। इसी दौरान पंकज का उनके घर आना-जाना बढ़ गया। दलपत ने आरोप लगाया है कि पंकज परस्ते उनकी पत्नी दीपा उईके को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और बिना कानूनी तलाक लिए उससे विवाह कर लिया। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और पीडि़त पक्षों को न्याय दिलाने की मांग की है।
