
इंदौर. रात के सन्नाटे में एटीएम बूथों को निशाना बनाकर शादी के खर्च के लिए चोरी की कोशिश करने वाला एक युवक पुलिस की गिरफ्त में आ गया. उसने दो एटीएम बूथों में तोड़फोड़ कर कैश निकालने का प्रयास किया था.
पलसीकर क्षेत्र में देर रात बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम बूथ में घुसकर एक युवक कैश निकालने की कोशिश कर रहा था. उसके द्वारा की जा रही तोड़फोड़ की आवाज सुनकर वहां गश्त कर रही बीट पुलिस को शक हुआ. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने युवक को रंगेहाथ धर दबोचा. उसके पास से तोड़फोड़ करने के औजार भी बरामद किए हैं. पकड़े गए युवक की पहचान भरत उर्फ बबलू पिता धनीराम निवासी जोशी मोहल्ला, महू नाका के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह पेशे से ढोल बजाने का काम करता है और उसकी जल्द ही शादी होने वाली है. शादी के खर्च के लिए पैसे नहीं होने के कारण उसने एटीएम लूटने की योजना बनाई. आरोपी ने कबूला कि उसने पहले सेंट्रल बैंक के एटीएम बूथ में भी सेंधमारी का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो पाने पर वह दूसरे बूथ पर पहुंच गया. उसने उन एटीएम बूथों की रैकी की थी जहां सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं थे. जूनी इंदौर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसने इससे पहले कहीं और भी ऐसी वारदात को अंजाम दिया है या नहीं.
