कैलारस: कैलारस तहसील के सागौरिया गांव में मिट्टी खुदाई के दौरान 500 ग्राम वजनी 50 से 60 चांदी के सिक्के निकले हैं। चांदी के सिक्के निकलने की सूचना पर पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारी गांव में पहुंच गए जिन्होंने ग्रामीणों व मजदूरों की मौजूदगी में सिक्कों को जब्त कर उनकी जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार सागौरिया के पूर्व सरपंच संतोषीलाल धाकड़ के पूर्वजों की जमीन पर मंदिर बना है।
इसी मंदिर के नजदीक भराव करने के लिए मजदूर मिट्टी की खुदाई कर रहे थे। मिट्टी खोदते वक्त उन्हें चांदी जैसी धातु के 50 से 60 सिक्के मिले। मिट्टी से सिक्के निकलने की चर्चा पूरे गांव में फैल गई।
सूचना मिलने पर पहाडग़ढ़ से थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह परिहार, राजस्व विभाग के आरआई व पटवारी भी वहां पहुंच गए और उन्होंने ग्रामीणों की मौजूदगी में सिक्कों को जब्त किया, जिनकी जांच कराई जा रही है।पूर्व सरपंच संतोषीलाल धाकड़ ने बताया कि मिट्टी खुदाई में जो सिक्के मिले हैं, वह पुराने समय के 25 पैसे के साइज के हैं और प्रत्येक सिक्के का अनुमानित वजन 8 से 10 ग्राम है। इस लिहाज से सिक्कों का वजन 500 ग्राम के करीब है, जिनके ऊपर उर्दू या फारसी जैसी लिपि में अक्षर अंकित हैं।
