सतना :शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करता रहा और फिर अपने वादे से मुकर गया. जिसके चलते शारीरिक-मानसिक प्रताडऩा से तंग युवती ने जहर खाकर जान दे दी. घटनास्थल पर मिले सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों से मामले की पुष्टि होने पर पुलिस ने फरार शातिर आरोपी को दबोचकर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार सभापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पगार निवासी ताराबाई हरिजन की मौत जहर खाने से हो गई थी. जांच करने पहुंची पुलिस टीम को मामला शुरु से ही संदेहास्पद नजर आया. जिसे देखते हुए हर पहलू को ध्यान में रखते हुए कड़ी दर कड़ी बारीकी से जांच आगे बढ़ाई गई. जिस कमरे में युवती ने जहर खाया था उसकी तलाशी लिए जाने पर एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ. जिसमें इस बात का जिक्र किया गया था कि प्रदीप उर्फ लाला नामक व्यक्ति ने उसका जीवन बर्बाद कर दिया.
इस महत्वपूर्ण लीड के आधार पर जब पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो यह जानकारी सामने आई कि प्रदीप पासवान उर्फ लाला निवसी चार मंदिर के पास नई बस्ती ने युवती के साथ पहले जान पहचान बढ़ाई. जिसके बाद शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करने लगा. लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने के बाद प्रदीप उर्फ लाल ने युवती से शादी करने से साफ इंकार कर दिया. शारीरिक और मानसिक तौर पर बुरी तरह प्रताडि़त युवती के सामने जब कोई और रास्ता नहीं सूझा तो उसने जहर खाकर जान दे दी.
मास्टर प्लान से दबोचा
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी प्रदीप उर्फ लाल को जैसे ही इस बात की भनक लगी कि वह पुलिस के राडार पर आ चुका है, वह फरार हो गया. हलांकि पुलिस टीम द्वारा उसे पकडऩे के लिए लगातार प्रयास किया जाता रहा. लेकिन शातिर आरोपी बार बार पुलिस को चकमा देने में सफल हो जा रहा था. फरार आरोपी की चालाकी 4 महीने तक जारी रही. लेकिन इसी दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मास्टर प्लान से दबोच लिया.
