
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाने के उद्देश्य से सरस आजीविका मेले का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 22 सितंबर तक चलने वाले इस भव्य मेले में देशभर से आए 400 से अधिक स्वयं सहायता समूहों की लखपति दीदियां अपने हस्तनिर्मित उत्पाद प्रदर्शित कर रही हैं।
शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए और इसके लिए स्वदेशी अपनाना अनिवार्य है। उन्होंने दीदियों को अपने निवास पर सहभोज के लिए आमंत्रित किया और दिल्लीवासियों से आग्रह किया कि वे परिवार सहित मेला देखने आएं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ग्रामीण महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में इस आयोजन को अहम कदम बताया। मेले में इंडिया फूड कोर्ट के माध्यम से विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध हैं, वहीं प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना को जीवंत कर रहे हैं।
सरस आजीविका मेला ग्रामीण उद्यमियों को बाजार से जोड़ने, उनकी आजीविका बढ़ाने और देश की सांस्कृतिक-आर्थिक विरासत को मजबूत करने का एक राष्ट्रीय मंच बन चुका है। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने नागरिकों, उद्योग जगत और नीति-निर्माताओं से अपील की है कि वे इस मेले में शामिल होकर लखपति दीदियों का हौसला बढ़ाएं और स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश की प्रगति में योगदान दें।
