भिण्ड: कलेक्टर पवन जैन ने तीन पटवारियों के विरुद्ध न्यायालय में अभियोजन की स्वीकृति प्रदान की है। विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त ग्वालियर की कार्रवाई में रिश्वत लेते पकड़े गए पटवारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 19(1)(ब) के अंतर्गत स्वीकृति दी गई है।कलेक्टर ने पटवारी पंकज खलको उर्फ पंखरासियस खलको, हल्का सुहांस (विसवारी) तहसील गोहद; जितेंद्र सिंह सोनी, हल्का रुरई तहसील लहार; तथा आदित्य सिंह कुशवाह, हल्का रमा तहसील अटेर के विरुद्ध अभियोजन की मंजूरी दी है। तीनों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 13(1)(ब) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज हैं।
पहले प्रकरण में आवेदक रवि बघेल ने आरोप लगाया था कि पटवारी ने उनकी दादी की शासकीय जमीन का फौती नामांतरण और खसरे में नाम सुधारने के एवज 8,000 रुपये की मांग की। लोकायुक्त टीम ने वॉयस रिकॉर्डर से वार्ता दर्ज कर ट्रैप की कार्रवाई की, जिसमें आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा गया।दूसरे प्रकरण में राजबहादुर सिंह ने बताया कि भूमि बटांकन के लिए पटवारी ने 3,500 रुपये की रिश्वत मांगी।
तीसरे मामले में सर्वेश यादव से सीमांकन और कब्जा संबंधी कार्यवाही के एवज 10,000 रुपये की मांग की गई थी। तीनों प्रकरणों में वॉयस रिकॉर्डिंग, ट्रांसक्रिप्ट, पंचनामा, जप्त नोट तथा वॉयस एनालिसिस रिपोर्ट के आधार पर अपराध प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाया गया।भिण्ड में इससे पूर्व भी लोकायुक्त ने रिश्वत लेते पटवारियों के विरुद्ध कार्रवाई की है।प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग होने पर संबंधित अधिकारी या लोकायुक्त कार्यालय को सूचित करें, ताकि समय पर वैधानिक कार्रवाई संभव हो सके।
