इंदौर:एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में बुधवार रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई. आग की चपेट में आने से चार से पांच चार्टर्ड बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं. डिपो परिसर में आई-बस और चार्टर्ड की कई अन्य बसें भी खड़ी थीं. आग फैलने की आशंका से मौके पर अफरा तफरी मच गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ ही दूसरी बसों को सुरक्षित दूरी पर हटवाया.
डिपो परिसर के पास पड़े कचरे में आग लगी थी, देर रात हवा चलने के कारण आग की लपटें तेजी से फैलीं और पास में खड़ी बसों को अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. आग और धुएं का गुबार उठता देख डिपो कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी. फायर ब्रिगेड के एसआई सुशील कुमार दुबे ने बताया कि देर रात सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं. आठ हजार लीटर पानी डाल कर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया. इस दौरान आग को दूसरी बसों तक फैलने से रोकने के प्रयास किए. आग लगने से पांच बसें पूरी तरह जल गई हैं, हादसे में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
