गैस के ‘बम’ पर बैठा इंदौर का सराफा बाजार

इंदौर: देशभर में अपने जायके और सोने-चांदी के कारोबार के लिए मशहूर इंदौर का सराफा बाजार इस समय बारूद के ढेर पर बैठा है. प्रशासन और नगर निगम की अनदेखी के चलते यहां कभी भी कोई भयावह हादसा हो सकता है. एक अनुमान के मुताबिक, सराफा और इससे सटे इलाकों में आभूषण निर्माण के लिए 5 हजार से ज्यादा गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा है. हैरानी की बात यह है कि इतने संवेदनशील और घनी आबादी वाले क्षेत्र में फायर सेफ्टी के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं, जबकि जिम्मेदार विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टालकर पल्ला झाड़ रहे हैं.

कारखानों में हर वक्त जान जोखिम में
शहर के मध्य राजबाड़ा के ठीक पीछे स्थित सराफा बाजार के अलावा आसपास की धान गली, कुंवर मंडली और मोरसली गली में बड़ी संख्या में सोने-चांदी के आभूषण बनाने के कारखाने संचालित हो रहे हैं. इन कारखानों के एक-एक कमरे में 2 से लेकर 20-25 तक बंगाल और अन्य राज्यों के कारीगर काम करते हैं. यहां आभूषण गलाने और बनाने के लिए घरेलू और व्यावसायिक गैस टंकियों का खुलेआम उपयोग हो रहा है.

आग लगी तो एक के बाद एक होंगे विस्फोट
सराफा बाजार की भौगोलिक स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण है. यह शहर के सबसे अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में से एक है. यहां कई छोटे-छोटे मार्केट और बहुमंजिला इमारतें हैं, जो बेहद संकरी गलियों में बनी हुई हैं. गलियां इतनी तंग हैं कि उनमें दोपहिया वाहन तक ठीक से नहीं निकल पाते. ऐसे में यदि किसी एक कारखाने में भी आग लगती है, तो वहां रखे हजारों सिलेंडरों में सिलसिलेवार विस्फोट होने का खतरा है. मुख्य सड़क और गलियां संकरी होने के कारण फायर ब्रिगेड के वाहन मौके तक नहीं पहुंच पाएंगे.

अनहोनी हुई तो नुकसान का आकलन भी मुश्किल
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सराफा बाजार में आगजनी की कोई घटना हुई, तो देखते ही देखते कई मकान और दुकानें इसकी चपेट में आ जाएंगी और स्थिति पर काबू पाना प्रशासन के लिए भारी पड़ जाएगा. हादसा होने पर जन-धन का कितना बड़ा नुकसान होगा, इसका आकलन करना भी मुश्किल है. बावजूद इसके, प्रशासन और संबंधित विभाग हमेशा की तरह किसी बड़ी दुर्घटना के घटित होने का इंतजार कर रहे हैं.

आठ साल पहले हुई थी कार्रवाई, फिर भूला प्रशासन
सराफा बाजार में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला नया नहीं है. वर्ष 2018 में प्रशासन ने यहां संयुक्त अभियान चलाते हुए अवैध रूप से उपयोग हो रहे गैस सिलेंडरों को जब्त करने की कार्रवाई की थी. उस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 से अधिक भवनों को सील भी किया गया था. यह मुहिम दो-तीन दिन तक लगातार चली, जिससे हड़कंप मच गया था. लेकिन अभियान थमने के बाद से लेकर अब तक दोबारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और हालात फिर से जस के तस बन गए हैं.

जिम्मेदारी किसकी, इसी में उलझे विभाग
खाद्य नियंत्रक एम एल मारू ने कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेडर कोई भी उपयोग कर सकता है. व्यवसायिक सिलेंडरों पर रोक नहीं लगा सकते हैं. कलेक्टर शिवम वर्मा ने अवंतिका गैस को सराफा में पीएनजी गैस लाइन डालने का कार्य प्राथमिकता पर करने का कहा है. सराफा में घरेलू गैस का उपयोग हो रहा है, तो कार्रवाई की जाएगी.

नगर निगम के फायर अधिकारी विनोद मिश्रा ने कहा कि हमारे द्वारा फायर एनओसी देने का काम है, लेकिन आग बुझाने की जिम्मेदारी पुलिस फायर ब्रिगेड के पास ही है. प्रशासन ने एक बार संयुक्त अभियान चलाकर सराफा में कार्रवाई कर सैकड़ों गैस सिलेंडर जब्त किए थे और कई बहु मंजिला भवनों को सील किया था.

पुलिस फायर ब्रिगेड के प्रभारी चरणजीत सिंह ने कहा कि आग लगने पर बुझाने का काम हमारा है, लेकिन गैस सिलेंडर उपयोग और फायर सेफ्टी के संसाधन पर कार्रवाई करने का अधिकार निगम और खाद्य विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है.

प्रशासन समाधान निकालेः सराफा एसोसिएशन
सराफा व्यापारी और सराफा एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्य अविनाश शास्त्री मानते हैं कि ये बहुत ख़तरनाक स्थिति है. यदि सराफा में कोई घटना घटित हो गई, तो किसी से भी नहीं संभाली जाएगी. वे बताते हैं कि सराफा एसोसिएशन ने कलेक्टर से मिलकर उक्त समस्या को बताया था. अवंतिका गैस से सर्वे हुआ था, लेकिन आगे की कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं है. मेरा मत है कि प्रशासन को आभूषण निर्माण करने के लिए भी एक इमारत या जगह चिन्हित कर व्यवस्था करना चाहिए, जिससे सराफा बाजार खतरे से बाहर निकल सके

Next Post

क्वाड देशों का बड़ा फैसला: 2027 में समुद्री निगरानी अभ्यास, साइबर सुरक्षा और ए आई सहयोग होगा मजबूत

Wed Nov 18 , 2026
मनीला, (वार्ता) भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए आई) और व्यापारिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति जतायी है। मंगलवार को मनीला में हुए क्वाड देशों अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष नेताओं ने शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। विदेश मंत्रालय […]

You May Like