क्वाड देशों का बड़ा फैसला: 2027 में समुद्री निगरानी अभ्यास, साइबर सुरक्षा और ए आई सहयोग होगा मजबूत

मनीला, (वार्ता) भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए आई) और व्यापारिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति जतायी है।

मंगलवार को मनीला में हुए क्वाड देशों अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष नेताओं ने शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत आसियान शिखर सम्मेलन से इतर हुई बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में 2027 में पहली बार क्वाड के तहत पी-8 और पी-3 सी टोही विमानों से समुद्री अभ्यास करने की घोषणा की गयी।

बयान के मुताबिक, 2027 की शुरुआत में पहला क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम आयोजित किया जायेगा। इसका उद्देश्य चारों देशों के निजी क्षेत्रों के बीच व्यापारिक संबंध और साझेदारी बढ़ाना है। इसके अलावा, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भरोसेमंद ए आई की पहुंच और इस्तेमाल को बढ़ावा देने की बात कही गयी है। चारों देशों ने समुद्री निगरानी और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए नयी ‘इंडो पेसिफिक मैरिटाइम सर्विलांस कोलैबोरेशन’ पहल का स्वागत किया। साथ ही, साइबर हमलों में तेजी पर चिंता जताते हुए साइबर सुरक्षा सहयोग मजबूत करने का ऐलान किया।

संयुक्त बयान में आर्थिक दबाव डालने की कार्रवाइयों, जिनमें मनमाने ढंग से निर्यात पर प्रतिबंध लगाना भी शामिल है, को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गयी हैं। समुद्र के रास्तों को सुरक्षित और मजबूत बनाने, बिजली और समुद्र के नीचे बिछायी जाने वाली संचार केबल परियोजनाओं को बढ़ावा देने तथा अहम आपूर्ति श्रृंखलाओं की सुरक्षा पर भी जोर दिया गया।

क्वाड नेताओं ने आतंकवाद, सीमा पार आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद की सभी रूपों में कड़ी निंदा की। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाये रखने, आसियान की केंद्रीय भूमिका और एकता का समर्थन करने तथा बल या दबाव के जरिए यथास्थिति बदलने की कोशिशों का विरोध करने की प्रतिबद्धता दोहरायी।

सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची साने ने हिस्सा लिया।

 

Next Post

ट्रंप ने आसियान सहयोगियों को अमेरिका के पूर्ण समर्थन का भरोसा दिया, रक्षा सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर

Wed Nov 18 , 2026
मनीला, (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को दक्षिण-पूर्व एशिया के सहयोगी देशों के साथ रक्षा सहयोग मजबूत करने की अमेरिकी प्रतिबद्धता दोहराते हुए क्षेत्रीय साझेदारों को “100 प्रतिशत” समर्थन देने का भरोसा दिया। श्री ट्रंप ने मनीला में विशेष अमेरिका-आसियान शिखर सम्मेलन और रात्रिभोज के दौरान सैन्य […]

You May Like