इंदौर:नेमावर रोड स्थित उद्योग नगर में देर रात एक वेयरहाउस में भीषण आग लग गई. आग दो गोदामों में भड़की, जिसे दमकल टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू में लिया. हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.घटना पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास स्थित अरिहंत इंटरप्राइजेज और ‘विशाल इंटरप्राइजेज’ के वेयरहाउस की है, जिनके संचालक धीरज जैन और प्रिया जैन बताए गए हैं. देर रात अचानक गोदाम में आग भड़क उठी. अंदर बड़ी मात्रा में कॉस्मेटिक और कन्फेक्शनरी का सामान रखा होने और तेज हवा चलने से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया.
सूचना मिलते ही गांधी हॉल फायर स्टेशन से एसआई संतोष दुबे के नेतृत्व में दमकल की टीम दो फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग को फैलने से रोका और पास के एक अन्य गोदाम को सुरक्षित बचा लिया. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद और लगभग 32 हजार लीटर पानी का उपयोग कर सुबह करीब 5 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. आग से गोदाम में रखा सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
