राष्ट्रीय एथलेटिक्स खेलों में नये राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले गुरिंदरवीर और अनिमेष से बात की मोदी ने

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन कप प्रतियोगिता के विजेताओं को शुभकामनाएं दी हैं और 100 मीटर दौड़ में नये राष्ट्रीय रिकार्ड बनाने वाले दो खिलाड़ियों गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से बात की तथा उनकी खेल भावना और खेलोंं के क्षेत्र में देश को आगे बढाने के उनके जुनून की सराहना की।श्री मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेड़ियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग देशहित में, समाजहित में, ऐसी अद्भुत चीजें कर रहे हैं और जब उनके विषय में सुनते हैं तो एक नई प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि झारखंड के रांची में हाल ही में नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन कप प्रतियोगिता में एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने कुछ ऐसी ही उपलब्धि हासिल की। इसमें देश भर के करीब 800 एथलीटों ने हिस्सा लिया चार अलग-अलग स्पर्धाओं में चार राष्ट्रीय रिकार्ड टूटे। प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरिंदरवीर सिंह, विशाल टीके, तेजस्विन शंकर, देव मीणा और कुलदीप कुमार ने अलग-अलग श्रेणी में नए रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने इन सभी को इसके लिए बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने सौ मीटर दौड़ में महज दो दिन में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन बार टूटने की उपलब्धि का विशेष रूप से उल्लेख किया और यह कमाल करने वाले दोनों एथलीटों गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से बात की। श्री मोदी ने उनकी खेलों के प्रति रूचि, तैयारियों और पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे में बात की और खेलोंं के क्षेत्रों में भारत को आगे ले जाने की उनकी भावना की सराहना की।

उन्होंने कहा ,” आप लोगों ने जो स्पर्धा की है वो देश का मान बढ़ाने के लिए की है, देश को भविष्य में इस जगह पर पहुँचाने के लिए की है और एक सकारात्मक सोच से की है और मैं मानता हूँ कि आपकी ये जो भावना है कि खेलना भी है, एक-दूसरे को चुनौती भी देना है और फिर आगे निकलने के लिए प्रयास करना है और फिर आगे जाने के लिए एक-दूसरे की मदद करना है ये अद्भुत काम किया है आप लोगों को मेरी तरफ से आपको बहुत-बहुत बधाई, मेरी बहुत-बहुत शुभकामनायें और आप देश का नाम भी रोशन करेंगे मुझे पूरा विश्वास है।”

Next Post

मोदी ने छात्रों से एस्ट्रोनॉमी क्लबों से जुड़ने का आह्वान किया

Sun May 31 , 2026
नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में एस्ट्रोनॉमी क्लबों की बढ़ती लोकप्रियता का उल्लेख करते हुए छात्रों से अपनी रूचि के अनुसार इन क्लबों से जुड़ने का आह्वान किया है।श्री मोदी ने रविवार को आकाशवाणी पर अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात ‘ में कहा कि देशभर में बड़े […]

You May Like