मनीला, (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को दक्षिण-पूर्व एशिया के सहयोगी देशों के साथ रक्षा सहयोग मजबूत करने की अमेरिकी प्रतिबद्धता दोहराते हुए क्षेत्रीय साझेदारों को “100 प्रतिशत” समर्थन देने का भरोसा दिया।
श्री ट्रंप ने मनीला में विशेष अमेरिका-आसियान शिखर सम्मेलन और रात्रिभोज के दौरान सैन्य सहयोग बढ़ाने, संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रमों और अमेरिकी रक्षा विनिर्माण क्षमता के बड़े विस्तार की योजनाओं का भी उल्लेख किया।
दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के नेताओं को संबोधित करते हुए श्री ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपने क्षेत्रीय साझेदारों की “सफलता, संप्रभुता और समृद्धि” के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर दिया कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों के बीच वाशिंगटन अपने सहयोगी देशों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा, “हम अपने साझेदारों और सहयोगियों का 100 प्रतिशत समर्थन करते हैं।” उन्होंने नेताओं को भरोसा दिलाया कि संकट की स्थिति में वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “जब कोई समस्या हो, तो आप मुझे फोन करेंगे। आप मार्को को फोन करेंगे, दूसरों को फोन करेंगे और अगर वे जवाब नहीं देते हैं, तो मुझे फोन कीजिए। मैं आपका फोन जरूर उठाऊंगा।”
अमेरिकी रक्षा उद्योग की बढ़ती उत्पादन क्षमता का उल्लेख करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी रक्षा कंपनियां उन्नत सैन्य उपकरणों का उत्पादन बढ़ाने के लिए 22 से अधिक नये विनिर्माण संयंत्र बना रही हैं। इनमें पैट्रियट मिसाइल प्रणाली, थाड वायु रक्षा प्रणाली और टॉमहॉक मिसाइलों का उत्पादन भी शामिल है। उन्होंने कहा, “हमारे पास धरती पर अब तक की सबसे मजबूत और सक्षम सेना है।” उन्होंने कहा कि अमेरिका अपने सशस्त्र बलों में बड़े पैमाने पर निवेश कर रहा है और पूरे क्षेत्र में अपने रक्षा साझेदारियों को महत्व देता है।
श्री ट्रंप ने इंडोनेशिया के साथ एक बड़े रक्षा सहयोग समझौते का भी उल्लेख किया। इसका उद्देश्य विशेष बलों के संयुक्त प्रशिक्षण का विस्तार करना और सैन्य आधुनिकीकरण के प्रयासों को मजबूत करना है। फिलीपींस के साथ संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और उनके संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हैं। उन्होंने कहा, “हमने फिलीपींस के साथ अपने रक्षा सहयोग में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है। फिलीपींस ऐतिहासिक रूप से अमेरिका का एक प्रमुख सहयोगी रहा है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि हमारे संबंध इससे पहले कभी इतने करीबी रहे हैं, जितने आज हैं।”
क्षेत्रीय स्थिरता के मुद्दे पर श्री ट्रंप ने कुआलालंपुर शांति समझौते का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ मिलकर उन्होंने कंबोडिया और थाईलैंड के बीच इस समझौते में मध्यस्थता की थी। उनके मुताबिक इस समझौते से युद्धविराम सुनिश्चित हुआ, जिससे “हजारों और हजारों लोगों की जान बची” और विस्थापित नागरिक अपने घर लौट सके।
श्री ट्रंप ने कहा, “हम उस युद्धविराम को कायम रखने और समझौते को पूरी निष्ठा के साथ लागू करना सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
रक्षा के अलावा श्री ट्रंप ने कृत्रिम सुपर इंटेलिजेंस, ऊर्जा निर्यात और उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अमेरिकी नेतृत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के लिए अमेरिका को एक प्रमुख आर्थिक और सुरक्षा साझेदार बताया। उन्होंने कहा, “ऊर्जा से लेकर प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और उससे कहीं आगे तक, पृथ्वी पर अमेरिका से बेहतर कोई साझेदार नहीं है।”
