सिडनी, 14 दिसंबर (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स की राजधानी सिडनी के रोज़ बे इलाके के बोंडी बीच पर रविवार को अज्ञात लोगों ने गोलीबारी कर दी, जिसमें कई लोगों के हताहत होने की सूचना है।
सिडनी के समाचार पत्र सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड ने स्थानीय लोगों के हवाले से कहा कि बोंडी में लोगों ने 50 से ज्यादा गोलियों के चलने की आवाज़ सुनी। अख़बार ने एक स्थानीय शख्स हैरी विल्सन के हवाले से कहा कि उसने ज़मीन पर कई लोगों को गिरे हुए देखा और चारों ओर ख़ून बिखरा हुआ था।
न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि बोंडी बीच पर दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने लोगों से उस क्षेत्र में जाने से बचने का अनुरोध किया है और वहां मौजूद लोगों से शरण लेने के लिये कहा है।
