घर में सोते रहे पत्नी और बच्चे, पति ने अज्ञात कारणों के चलते लगाई फांसी

गुना: कैंट थाना क्षेत्र के बमोरी बुजुर्ग गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां 45 वर्षीय व्यक्ति ने अज्ञात कारणों के चलते अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस वक्त हुई जब मृतक की पत्नी और बच्चे गहरी नींद में सो रहे थे।जानकारी के अनुसार, बमोरी बुजुर्ग निवासी बाबूलाल लोधा उम्र 45 वर्ष पेशे से मिस्त्री का काम करते थे, रविवार रात रोज की तरह काम से घर लौटे थे। उनकी पत्नी भी दिनभर गेहूं की फसल काटकर वापस आई थीं।

रात में जब परिवार के सभी सदस्य सो गए, तब बाबूलाल ने कमरे में लगे लोहे के एंगल से तौलिये का फंदा बनाया और उस पर लटक गए। सोमवार सुबह करीब 6 बजे जब पत्नी और बच्चों की आंख खुली, तो कमरे के अंदर बाबूलाल का शव फंदे से लटकता देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर में चीख-पुकार मचने के बाद आसपास के लोग जमा हो गए और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और अपने ही वाहन से जिला अस्पताल लेकर आई। मर्ग कायम कर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। परिजनों ने बताया कि बाबूलाल को किसी भी प्रकार की कोई जाहिर परेशानी या तनाव नहीं था। रविवार रात तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक उठाए गए इस खौफनाक कदम ने सबको स्तब्ध कर दिया है। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Next Post

जबलपुर में लाखों की चोरी, सिंगरौली में बजा सिक्योरिटी अलर्ट

Mon Mar 23 , 2026
जबलपुर: तिलवारा थाना अंतर्गत अर्नव विहार में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात पार कर दिए। घर मालिक को चोरी की भनक सिंगरौली में बैठे-बैठे मोबाइल में बजे सिक्योरिटी अलर्ट के जरिए लगी, लेकिन जब तक परिजन मौके पर पहुँचते, चोर वारदात को अंजाम […]

You May Like