फाल्ट से लेकर बिजली आपूर्ति तक सुधार की तैयारी

इंदौर: बिजली उपभोक्ताओं की संतुष्टि और कंपनी की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए अब दूसरे राज्यों की बेहतर तकनीक और नवाचारों को भी अपनाया जाएगा. गुजरात सहित अन्य राज्यों में किए जा रहे प्रयोगों का अध्ययन कर उन्हें पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में लागू करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी. यह निर्देश प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार सुबह इंदौर स्थित पोलोग्राउंड मुख्यालय में अधिकारियों को दिए.

गांधीसागर में होने वाली कैबिनेट बैठक में शामिल होने से पहले इंदौर पहुंचे ऊर्जा मंत्री तोमर ने बिजली कंपनी के विश्रामगृह में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की. उन्होंने कहा कि घरेलू, गैर घरेलू, औद्योगिक और कृषि क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं का बिजली कंपनी और ऊर्जा विभाग पर भरोसा बढ़ना चाहिए. इसके लिए व्यवस्था में लगातार सुधार और नए प्रयोग जरूरी हैं. दूसरे राज्यों में अपनाई जा रही बेहतर तकनीकों का इस्तेमाल कर उनके परिणामों की रिपोर्ट भी तैयार की जाए. बैठक में ऊर्जा मंत्री ने रबी सीजन में बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता और सिंहस्थ की तैयारियों की जानकारी ली.

उन्होंने मौसम की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. कहा कि मौसम विभाग के साथ लगातार संपर्क रखा जाए. आंधी-तूफान या खराब मौसम की चेतावनी मिलने पर प्रभावित क्षेत्रों में पहले से अतिरिक्त बिजली पोल, कंडक्टर और ट्रांसफार्मरों की व्यवस्था की जाए. साथ ही मरम्मत और बिजली बहाली के लिए कर्मचारियों के दल भी तैयार रहें, ताकि आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल सुधार किया जा सके.

इस दौरान कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि ग्रीन बेल्ट और औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली के फाल्ट कम करने के लिए कवर्ड कंडक्टर लगाए गए हैं. इससे व्यवस्था में सुधार आया है. उपभोक्ता संतुष्टि और कार्यों की निगरानी के लिए अधिकारियों के नियमित मैदानी दौरे कराए जा रहे हैं. इन दौरों की रिपोर्ट के आधार पर बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता और उपभोक्ता सेवाओं में सुधार किया जा रहा है. ऊर्जा मंत्री के दौरे के दौरान कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

Next Post

पीयूष गोयल भारत-इटली संयुक्त आर्थिक सहयोग आयोग के 23वें सत्र की सह-अध्यक्षता करेंगे

Wed Nov 18 , 2026
नयी दिल्ली (वार्ता) केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मंगलवार से शुरू हुई इटली यात्रा का मकसद दोनों देशों की आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करना है। इसमें द्विपक्षीय व्यापार के विस्तार, निवेश को बढ़ावा देने, औद्योगिक और तकनीकी सहयोग को गहरा करने तथा व्यवसायों के बीच और स्टार्टअप […]

You May Like