
सिंगरौली । जिले के खुटार चौकी क्षेत्र के बिहरा के निमिहवा डांड़ में बीते रविवार की शाम एक आदिवासी युवक को अवैध रेत कारोबारी में कुचल कर मौत के नींद सुला दिया था।
इस घटना के बाद माहौल गरमा गया, इस घटना की खबर प्रदेश तक पहुंच गई है और कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने प्रदेश सरकार पर निशाना साध दिया है। इधर बता दें कि बिहरा गांव के निमिहवा डांड़ निवासी 35 वर्षीय अरुण कोल की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई थी। घटना ने जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और कथित राजनीतिक संरक्षण के गठजोड़ पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस पूरे मामले में खुटार क्षेत्र के एक भाजपा नेता की भूमिका भी चर्चा में है। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि अवैध रेत कारोबार को इस नेता का संरक्षण प्राप्त था। साथ ही एक खनिज निरीक्षक का भी संलिप्तता सामने आ रही है। बताया जाता है कि पुलिस भी कथित तौर पर उनके दबाव से परेशान थी। इस नेता को खुटार मंडल में एक बड़े पद की जिम्मेदारी मिलने की चर्चा ने राजनीतिक गलियारों में भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
विपक्ष ने सरकार को घेरा
घटना के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, डॉ. विक्रांत भूरिया और कमलेश्वर पटेल ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार पर निशाना साधा। उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि प्रदेश में रेत माफिया को न सरकार का डर है और न पुलिस का खौफ। उन्होंने अरुण की मौत को कानून-व्यवस्था और माफिया के बढ़ते हौसलों से जोड़ते हुए सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन जारी है। कई बार शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। सवाल यह है कि क्या अरुण की मौत के बाद प्रशासन अवैध रेत कारोबार, कथित राजनीतिक संरक्षण और विभागीय जिम्मेदारी की निष्पक्ष जांच कराएगा या फिर यह मामला भी कुछ दिनों बाद फाइलों में दबकर रह जाएगा।
इनका कहना:-
खुटार चौकी क्षेत्र में ट्रैक्टर से अरूण कोल की दबने से मौत हुई है। प्रथम दृष्टिया मर्ग कायम किया जा रहा है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हेमंत कुमार
सीएसपी, विंध्यनगर
