पटना, 16 नवम्बर (वार्ता) लोक आस्था के महापर्व छठ को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत अपशिष्ट प्रबंधन का उदाहरण बनाते हुए पटना नगर निगम ने इस वर्ष छठ महापर्व 2026 का आयोजन ‘जीरो वेस्ट इवेंट’ (शून्य अपशिष्ट महोत्सव) के रूप में किया। महापर्व के दौरान घाटों एवं तालाबों पर कचरे के स्रोत पर ही पृथक्करण, पूजन सामग्री के अलगj संग्रहण, संसाधनों के पुनर्चक्रण तथा अपशिष्ट के वैज्ञानिक निष्पादन की व्यापक व्यवस्था की गई। इसका उद्देश्य न केवल गंगा नदी एवं जलाशयों को प्रदूषणमुक्त रखना था, बल्कि शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी से लैंडफिल एवं डंपसाइट पर कचरे का दबाव कम करना और रिसाइकिल इकोनॉमी को बढ़ावा देना भी था।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी अंचलों को स्पष्ट निर्देश दिये कि किसी भी परिस्थिति में पूजन सामग्री अथवा अन्य ठोस अपशिष्ट गंगा नदी एवं तालाबों में प्रवाहित न होने पाए। इसके साथ ही सभी प्रकार के कचरे का निर्धारित श्रेणियों के अनुसार पृथक्करण कर नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली, 2026 के प्रावधानों के अनुरूप पटना नगर निगम द्वारा शहर के 41 गंगा घाटों एवं तालाबों पर विशेष सेग्रीगेशन प्वॉइंट स्थापित किए गए। प्रत्येक केंद्र पर कचरे के पृथक्करण के लिए चार अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गईं। इनमें गीला कचरा, सूखा कचरा, सैनिटरी वेस्ट तथा विशेष देखभाल वाले अपशिष्ट के संग्रहण एवं निष्पादन की व्यवस्था की गई।
