इंदौर। शहर में अवैध हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ पुलिस का चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में खजराना पुलिस ने हॉटस्पॉट चेकिंग के दौरान एक 53 वर्षीय व्यक्ति को अवैध देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है।
दरअसल, पुलिस की टीम स्टार चौराहा और सी-21 एस्टेट ग्राउंड के आसपास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान खाली मैदान के पास अंधेरे में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान नारायण मीणा के रूप में हुई, जो परदेशीपुरा के मालवा मिल स्थित स्टाफ क्वार्टर का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वह पिस्टल कहां से लेकर आया था और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से करने वाला था।
