शिवपुरी:शिवपुरी शहर के लुधावली क्षेत्र में स्थित अपना घर गौशाला में शिवपुरी के पशु मेडिकल के इतिहास में पहली बार किसी बीमार पशु को ब्लड चढ़ाया गया है। इसके लिए रक्तदान कराया गया, गौशाला के एक स्वस्थ नंदी से 2 यूनिट ब्लड का रक्तदान कराया गया। अब बीमार और मौत की मुंह की ओर जाने वाली गाय धीरे धीरे स्वस्थ हो रही है।लगभग 15 दिन पहले अपना घर गौशाला में लंपी वायरस से ग्रस्त एक गाय लाई गई थी।
पशुपालन विभाग के डॉक्टरों ने इसका इलाज शुरू किया, लेकिन तीन दिनों से गाय की हालत गंभीर बनी हुई थी। गाय को बचाने के लिए गौशाला प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल ने डॉक्टरों से बात की। गाय के रक्त का सैंपल निजी लैब में भेजा गया। इंसानों की तरह ही इस सैंपल की जांच में गाय में खून की भारी कमी पाई गई। गाय का हीमोग्लोबिन 11 से 16 ग्राम होना चाहिए, जबकि यह मात्र 6.5 ग्राम निकला।
दिल्ली और भोपाल के विशेषज्ञों से परामर्श के बाद, स्थानीय पशु चिकित्सकों ने दूसरे स्वस्थ गोवंश का रक्त चढ़ाने का निर्णय लिया। गौशाला के एक स्वस्थ नंदी का ब्लड सैंपल लेकर जांच कराई गई, जिसका हीमोग्लोबिन 15 ग्राम निकला था। उसे रक्तदान कराया गया। 8 घंटे में 2 यूनिट रक्त चढने के बाद गंभीर रूप से बीमार गाय उठकर खड़ी हो गई है। फिलहाल गाय को निगरानी में रखा गया है।
