
जबलपुर। बिहार में एक तरह से चुनाव हो चुका है, एनडीए पूरी बहुमत के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में सरकार बनाने जा रहा है। जिस पार्टी का महागठबंधन एक दिन पहले तक टिकटों का फैसला नहीं कर पा रहा हैं वे एनडीए को चुनौती देने की स्थिति न तो कल थे और न ही आज हैं। ये सारी बातें शुक्रवार को सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के मंत्री वीरेंद्र खटीक ने जबलपुर प्रवास पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहीं। मौका था भंवरताल उद्यान के पास कल्चरल स्ट्रीट स्थित संस्कृति थियेटर में आयोजित रोजगार मेले का जहां मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र खटीक शामिल हुए थे।
बिहार की जनता सब समझ चुकी है….
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने ये भी कहा कि लंबे समय तक जिनके परिवार 4 घोटाले में लिप्त थे उन्हें बिहार की जनता बहुत अच्छी तरह से समझ चुकी है, पहचान चुकी है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए श्री खटीक ने कहा कि कांग्रेस पहले अपना मजबूत संगठन खड़ा करे फिर प्रशिक्षण देने की बातें करे। उधर जबलपुर में शनिवार को सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के आगमन पर कहा कि देश के किसी भी भाग में उनके कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं उन्हें कोई निर्देशित नहीं कर सकता।
रोजगार मेले में सिफारिश करने, पर्ची देने का दौर हुआ खत्म
केंद्रीय सामाजिक, न्याय, अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र खटीक ने रोजगार मेले में शामिल होने के बाद अपने वक्तव्य में स्पष्ट कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के करीब 40 स्थानों पर आयोजित रोजगार मेला पूरी तरह से पारदर्शी है , अब वो समय बीत गया है जब नौकरी के लिए सिफारिशें करने और पर्ची देने का दौर चलता है, अब तो रोजगार मेले में युवाओं को सीधे नौकरी देकर उन्हें आगे जाने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। जबलपुर में शुक्रवार को 95 युवक-युवतियों को विभिन्न विभागों में नौकरी के नियुक्ति पत्र भी केंद्रीय मंत्री द्वारा वितरित किए गए। जिन्हें पाकर युवक-युवतियों के चेहरे में खुशी की चमक बिखर उठी। गौरतलब है कि पीएम नरेंद्र मोदी के द्वारा वर्ष 2022 में रोजगार मेले की शुरूआत देश के हर जगह पर की गई थी और 1 लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया था। केंद्रीय मंत्री के अनुसार यही लक्ष्य अब पूरा हो चुका है।
