
गुना। सिसोदिया कॉलोनी में शिक्षा विभाग के पीछे शर्मा परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दौरान 1008 महामंडलेश्वर ब्रह्मचारी विष्णु दत्त शास्त्री जी महाराज ने नाम जप की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि नाम जप की महिमा अपार है और इसके माध्यम से ही मनुष्य इस जीवन में अपना उद्धार कर सकता है। यदि व्यक्ति भगवान का होकर नाम जप करे, तो उसका जीवन धन्य हो जाता है।
कथा वाचन करते हुए महाराज श्री ने बताया कि ईश्वर का नाम सदैव गोपनीय ढंग से और मन में प्रभु का ध्यान बसाकर निरंतर जपना चाहिए। जैसे-जैसे जाप बढ़ता है, वैसे-वैसे प्रभु की निकटता प्राप्त होती है और व्यक्ति इस भवसागर से तर सकता है। उन्होंने कहा कि कई करोड़ योनियों के बाद दुर्लभ मनुष्य जन्म मिलता है और भारत खंड में जन्म लेने वाला प्रत्येक व्यक्ति मोक्ष का अधिकारी है। इसलिए इस जीवन का उपयोग इंद्रियों के भोग-विलास में भटकने के बजाय हरि स्मरण और मोक्ष प्राप्ति के लिए करना चाहिए।
महामंडलेश्वर जी ने कहा कि भोग दुखों का कारण है, जबकि संतों के सत्संग और हरि स्मरण से ही सच्चा सुख व आत्मा का उद्धार संभव है। उन्होंने जीवन के महत्व को समझाते हुए कहा कि मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ है, इसलिए कभी भी आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम नहीं उठाना चाहिए, क्योंकि ऐसा करने वाला कई प्रेत योनियों में भटकता है। अंत समय में भी ईश्वर का नाम उन्हीं की जुबान पर आता है, जो जीवनभर प्रभु भक्ति से जुड़े रहते हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, कथा के अगले क्रम में मंगलवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनकी बाल लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया जाएगा।
