विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में विदर्भ ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद को 89 रन से हराया, ध्रुव शौरी के नाबाद शतक से टीम को पहली जीत मिली।
बीसीसीआई द्वारा आयोजित विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के दूसरे मुकाबले में विदर्भ ने ऑलराउंड प्रदर्शन की दम पर हैदराबाद को 89 रनों से हराया है। इसके साथ ही विदर्भ ने इस टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत हासिल की है। पहले मुकाबले में विदर्भ को बंगाल से हार का सामना करना पड़ा था। विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए टॉप ऑर्डर की शानदार पारियों के दम पर बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन कर हैदराबाद की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
विदर्भ की पारी की नींव सलामी जोड़ी अमन मोखाड़े और यश राठौड़ ने रखी। दोनों के बीच 148 रनों की शतकीय साझेदारी हुई। अमन ने धारदार शॉट्स खेलते हुए 82 रन की पारी खेली, जबकि यश राठौड़ ने संयम और आक्रामकता का संतुलन दिखाते हुए 68 रन बनाए। इस मजबूत शुरुआत ने विदर्भ को बड़े स्कोर की राह पर मजबूती से आगे बढ़ाया। अमन के आउट होने के बाद क्रीज पर आए ध्रुव शौरी ने एक बार फिर अपने क्लास का प्रदर्शन किया।
