इंदौर:शहर में अवैध हथियार लेकर घूमने वालों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान खजराना पुलिस ने एक व्यक्ति को देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे व्यक्ति को टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा. उसके पास से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई है.
खजराना पुलिस की टीम स्टार चौराहा और सी 21 एस्टेट ग्राउंड के आसपास हॉटस्पॉट और शेडो एरिया की चेकिंग कर रही थी.
इसी दौरान खाली मैदान के पास अंधेरे में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया. पुलिस को देखते ही वह भागने लगा. टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसकी पहचान नारायण पिता रामदेव मीणा उम्र 53 साल निवासी स्टाफ क्वार्टर, मालवा मिल, परदेशीपुरा के रूप में हुई. तलाशी लेने पर उसके पास से देशी पिस्टल मिली. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है. उससे हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वह पिस्टल कहां से लेकर आया था और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से करने वाला था.
