
सरई। नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे नाली निर्माण कार्य ने अब लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम पूरी तरह गायब हैं। न तो कहीं बैरिकेडिंग की व्यवस्था है और न ही किसी प्रकार के चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ रही है।
स्थिति यह है कि कई जगहों पर सड़क के बीचों-बीच मिट्टी और निर्माण सामग्री के बड़े-बड़े ढेर लगा दिए गए हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। संकरी सड़कों पर यह अतिक्रमण और अधिक परेशानी पैदा कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी तरह की लापरवाही के कारण पहले भी छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी अब भी बेपरवाह बने हुए हैं। आक्रोशित नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया जाए, सड़कों से मिट्टी हटाई जाए और अवैध अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए। साथ ही इस गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
