सतना/मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों में एक जंगली सियार का आतंक इन दिनों चरम पर है. शनिवार देर शाम एक उग्र जंगली सियार ने कोटार गांव में एक महिला और मवेशी पर हमला कर दिया, वहीं पास के ही शुकुलगनवा गांव में एक युवक को भी घायल कर दिया. इस सिलसिलेवार हमले के बाद से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार कोटार गांव की रहने वाली सविता शर्मा उम्र 45 वर्ष) जिनके पति राजेश शर्मा मूलरूप से मऊगंज की रहने वाली हैं कोटार में अपने रिश्तेदारों के यहाँ आई हुई थीं, शनिवार को घर से बाहर थी इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक जंगली सियार गाय के एक छोटे बछड़े पर हमला कर रहा है. बछड़े की दर्दनाक आवाज सुनकर सविता उसे बचाने के लिए तुरंत मौके पर दौड़ीं. उन्होंने सियार को भगाने के लिए उसकी तरफ पत्थर फेंका. पत्थर फेंकने से गुस्साए सियार ने बछड़े को छोड़कर सविता शर्मा पर ही हमला बोल दिया, जिससे उनके हाथ और जांघ में गंभीर चोटें आईं.
कोटार गांव में कोहराम मचाने के बाद इसी जंगली सियार ने पास के ही शुकुलगनवा गांव निवासी लक्ष्मण शुक्ला के 25 वर्षीय बेटे राहुल शुक्ला पर भी अचानक हमला कर दिया. इस दूसरी घटना में युवक राहुल को भी शरीर पर चोटें आई हैं. लगातार हो रहे इन हमलों से स्थानीय लोगों में काफी भय व्याप्त है. गंभीर रूप से घायल महिला सविता शर्मा को पहले स्थानीय स्तर पर गोविंदगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालांकि, चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर कर दिया गया था, जहाँ उपचार के बाद अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है.
घटना की सूचना मिलने के बाद रविवार दोपहर वन विभाग की टीम हरकत में आई और प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से विस्तृत जानकारी जुटाई. इस दौरान ग्रामीण राजन कुशवाहा ने वन विभाग की टीम को बताया कि यह जंगली सियार पिछले कई दिनों से इलाके में खुलेआम घूम रहा है, जिसके कारण अब लोगों का अपने घरों से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है. वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है और सियार की धरपकड़ या उसे सुरक्षित क्षेत्र में खदेड़ने के लिए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
