विकास कार्यों को मुंह चिढ़ाते कचरे के ढेर

सीहोर। वार्ड क्रमांक 15 से दो बार स्वयं जीते और एक बार अपनी पत्नी को निर्विरोध पार्षद बनवाने वाले भाजपा पार्षद कमलेश राठौर ने पिछले नगरीय निकाय चुनाव में वार्ड बदलकर वार्ड क्रमांक 16 से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की. वार्ड क्रमांक 15 में उनके द्वारा कराए गए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को देखते हुए वार्ड 16 के मतदाताओं ने भी उन पर विश्वास जताया. हालांकि, नए वार्ड में विकास कार्यों की लंबी फेहरिस्त के बावजूद स्वच्छता का मुद्दा अब तक चुनौती बना हुआ है. वार्ड में दो स्थानों पर लगे कचरे के ढेर विकास कार्यों की चमक के बीच व्यवस्था की हकीकत बयां कर रहे हैं.

करीब 3500 की आबादी और 2500 मतदाताओं वाले वार्ड क्रमांक 16 में मुस्लिम समाज के अलावा अन्य समाजों के लोग भी निवास करते हैं. पुराना बस स्टैंड, आराकश मोहल्ला, गंज बजरिया, मुकेरी मोहल्ला और रानी मोहल्ले का एक क्षेत्र वाले इस वार्ड में निम्न और मध्यमवर्गीय आबादी निवास करती है. इस वार्ड में पिछले चुनाव के दौरान भाजपा संगठन ने अनुभवी पार्षद कमलेश राठौर को प्रत्याशी बनाया था. दो बार पार्षद रह चुके कमलेश राठौर ने चुनाव प्रचार के दौरान वार्ड क्रमांक 15 में कराए गए विकास कार्यों को मतदाताओं के सामने प्रमुखता से रखा था. उनके पुराने कार्यकाल के अनुभव और विकास कार्यों पर भरोसा जताते हुए वार्डवासियों ने उन्हें विजयी बनाया.

पार्षद कमलेश राठौर ने अपने नए वार्ड में भी साढ़े चार साल के कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य कराए हैं. इनमें सीटू नाले पर रिटर्निंग वॉल का निर्माण, आराकश मोहल्ले के नाले को कवर्ड करना तथा मुख्य सड़कों के साथ वार्ड की अधिकांश गलियों में सीसीकरण शामिल है. इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में नालियों का निर्माण भी कराया गया है. इन कार्यों से वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है, लेकिन सफाई व्यवस्था को लेकर अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है.

हालांकि वार्ड 16 के पार्षद कमलेश राठौर का दावा है कि दोनों कचराघरों को जल्द ही हटा दिया जाएगा. अब देखना यह है कि उनका यह आश्वासन कब धरातल पर उतरता है और वार्डवासियों को कचरे की समस्या से कब मुक्ति मिलती है.

वार्ड की सबसे अहम समस्या बने दो कचराघर

वार्ड की सबसे बड़ी समस्या दो स्थानों पर बने कचराघर हैं. गंज बजरिया के समीप और रानी मोहल्ला मार्ग के बीच सड़क पर लगे कचरे के ढेर रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं. इन स्थानों पर जमा कचरे से आसपास गंदगी का माहौल बना रहता है. सड़क और नाली निर्माण के बाद भी इन कचराघरों का नहीं हट पाना स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है. इसके अलावा कई स्थानों पर नालियों का अभाव बना रहने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहकर लोगों की दिक्कतों का बढ़ाता है.

मुकेरी मोहल्ला निवासी पूजा सक्सेना का कहना है कि पार्षद कमलेश राठौर के कार्यकाल में वार्ड में अच्छा काम हुआ है. उनके द्वारा शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए खुद संपर्क किया जाता है. घर के सामने सड़क बन जाने की वजह से अब बारिश में गंदा पानी जमा नहीं होता. सफाई व्यवस्था पर और ध्यान देने की जरुरत है.

गंज बजरिया निवासी फातिमा बी का कहना है कि वार्ड में वैसे तो कोई प्रमुख समस्या नहीं है, लेकिन तंग गलियां होने के कारण कचरा गाड़ी घरों तक नहीं पहुंच पाती है. लोग कचरा सड़क पर ही फैंकते हैं, जबकि कचराघर की बाउंड्री बन चुकी है. ऐसे में नपा को सख्ती की जरुरत है ताकि लोग सड़कों पर कचरा फैंकने से बाज आएं.

सैयद मोहल्ला निवासी हिना कुरैशी का कहना है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदी पानी सड़क पर बहता है. इसी तरह नपा की कचरा ट्राली भी नियमित नहीं आने से कचरे के ढेर लगे रहते हैं.

मेेरे द्वारा वार्ड क्रमांक 16 में लगभग एक करोड़ रुपए के विकास कार्य कराए जा चुके हैं. इसके अलावा दो करोड़ रुपए की राशि के कार्य जारी हैं या शीघ्र प्रारंभ होने वाले हैं. नगर में बाढ़ का कारण बनने वाले सीटू नाले की रिटर्निंग वॉल का काम जारी है. इसी तरह आराकश मोहल्ले के नाले को भी लोहे की जाली से कवर्ड कराया जा रहा है. रही बात कचरा घर की तो शीघ्र दोनों को हटा दिया जाएगा.

कमलेश राठौर,
पार्षद, वार्ड क्रमांक 16

Next Post

ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत रामपुर बघेलान पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Mon Nov 16 , 2026
रामपुर बघेलान (सतना)। सतना-रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत रामपुर बघेलान पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 117 ग्राम हेरोइन (स्मैक), दो […]

You May Like