पटना, 21 सितंबर (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विश्व शांति दिवस के अवसर पर प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और परस्पर सहयोग के माध्यम से शांति एवं सौहार्द को बढ़ावा देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
श्री चौधरी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि “विश्व शांति दिवस के अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।” उन्होंने कहा कि आइए, प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और परस्पर सहयोग के माध्यम से शांति एवं सौहार्द को बढ़ावा देने का संकल्प लें।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 1981 में अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस की स्थापना की थी। इसका पहला आयोजन सितंबर 1982 में हुआ था। वर्ष 2001 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 सितंबर को स्थायी रूप से अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस के रूप में निर्धारित किया और इसे वैश्विक संघर्षविराम तथा अहिंसा के दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। इस दिवस का उद्देश्य राष्ट्रों और लोगों के बीच शांति के आदर्शों को मजबूत करना तथा हिंसा और संघर्ष को समाप्त करने के लिए जागरूकता बढ़ाना है।
