रामपुर बघेलान (सतना)। सतना-रीवा जोन के आईजी गौरव राजपूत द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत रामपुर बघेलान पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 117 ग्राम हेरोइन (स्मैक), दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बांदा और चित्रकूट क्षेत्र से हेरोइन की खेप लेकर कुछ तस्कर रीवा की ओर जा रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रामपुर बघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने पुलिस टीम के साथ सतना-रीवा मार्ग पर सगौनी क्रशर के पास घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा।
अवधकिशोर यादव पिता मूलचंद यादव, निवासी मिलाथू, थाना बिसंडा, जिला बांदा (उत्तर प्रदेश)
विकास यादव पिता रमेशचंद, निवासी सीतापुर, थाना कर्वी, जिला चित्रकूट (उत्तर प्रदेश)।
शिवम बरगाही पिता मुन्नू, निवासी गोविंदगढ़, जिला रीवा।राहुल दुबे पिता राजेश प्रसाद, निवासी बगड़ा, थाना बैकुंठपुर।पुलिस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क में एक महिला की भूमिका भी सामने आई है, जिसे इस अवैध कारोबार का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। साथ ही तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके आगे-पीछे के संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को रामपुर बघेलान पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
