​बेटे ने फांसी लगाई, सदमे में पिता ने खाया जहर: ब्यावरा में एक ही खेत पर पिता-पुत्र की मौत से हड़कंप

ब्यावरा। खिलचीपुर के समीप एक गांव में 18 साल के युवक ने सोमवार रात खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इसके बाद बेटे की मौत से सदमे में आए पिता ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया और अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मंगलवार सुबह पिता का शव उसी खेत के पास मिला, जहां कुछ घंटे पहले बेटे ने फांसी लगाई थी. पुलिस इस दोहरे सुसाईड मामले की जांच कर रही है.

रामचंद्र तंवर (18) ने सोमवार रात मौत से पहले मोबाइल से एक वीडियो रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था. इसमें वह कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ी बातें करता नजर आ रहा है. वीडियो में कथित तौर पर उसने युवती से कहा- ‘तू बोलती थी, साथ मरूंगी।’ पुलिस ने वीडियो को जांच में शामिल किया है. हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है.

भंडारे में जाने की बात कहकर घर से निकला था बेटा

परिजन के मुताबिक, रामचंद्र सोमवार रात करीब 10 बजे भंडारे में जाने की बात कहकर घर से निकला था. करीब दो घंटे बाद उसका बड़ा भाई मनोज खेत पर मवेशी भगाने पहुंचा. वहां उसने रामचंद्र को पेड़ पर फंदे से लटका देखा. मनोज ने गांव पहुंचकर परिजनों को सूचना दी. परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रामचंद्र को नीचे उतारकर खिलचीपुर अस्पताल ले गए. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

बेटे की मौत के बाद पिता भी खेत की ओर गए

रामचंद्र की मौत की खबर सुनकर उसके पिता कनीराम तंवर भी सदमे में आ गए. वे बेटे को अस्पताल लेकर गए थे. बेटे को मृत घोषित किए जाने के बाद कनीराम गांव लौट आए. परिजनों के अनुसार, इसके बाद वे खेत की ओर गए. वहां उन्होंने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया.

मंगलवार सुबह ग्रामीणों को कनीराम का शव खेत के पास पड़ा मिला. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को खिलचीपुर अस्पताल लाया. यहां रामचंद्र का शव पहले से पोस्टमॉर्टम के लिए रखा हुआ था. मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया.

प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है मौत का मामला

ग्रामीणों के मुताबिक, रामचंद्र का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था. युवती के साथ वीडियो कॉल और फोटो से जुड़ी गतिविधियों की बात भी सामने आई है. हालांकि, आत्महत्या की वजह अभी पुलिस जांच में स्पष्ट नहीं हुई है. रामचंद्र चार भाइयों में सबसे छोटा था. कनीराम खेती-किसानी और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे. परिवार में चार बेटे और पांच बेटियां हैं. खिलचीपुर पुलिस ने दोनों मौतों की जांच शुरू कर दी है. रामचंद्र द्वारा मौत से पहले रिकॉर्ड किया गया वीडियो जांच का अहम हिस्सा है. पुलिस उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और कथित प्रेम प्रसंग से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है. कनीराम की मौत के मामले में भी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है.

Next Post

ब्यावरा में 15 गांवों के चंदे से बन रहे खाटू श्याम मंदिर पर चला प्रशासन का बुलडोजर, भारी पुलिस बल तैनात

Tue Aug 25 , 2026
ब्यावरा। राजगढ़ जिले की ब्यावरा तहसील के लखनवास क्षेत्र में बड़ली माता मंदिर पहाड़ी पर बन रहे खाटू श्याम मंदिर को प्रशासन ने जेसीबी चलाकर ढहा दिया. 100 पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में करीब 2 हजार वर्गफीट में चल रहे निर्माण को हटाया गया. कार्रवाई के बाद ग्रामीणों […]

You May Like