जबलपुर। शहर के गोरखपुर, भेड़ाघाट और कोतवाली थाना क्षेत्र में शातिर ठगों ने बैंक मैनेजर समेत तीन लोगों के खातों से कुल 1 लाख 47 हजार 590 रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।जानकारी अनुसार गोरखपुर गुलाटी चौक स्थित आईसीआईसीआई बैंक के मैनेजर अमित कुमार मौर्य (34) के मोबाइल पर बाइक बीमा रिन्यूअल और चालान का संदिग्ध लिंक आया।
लिंक पर क्लिक करते ही फोन हैक हो गया और खाते से 49,590 रुपये कट गए। इसी प्रकार भेड़ाघाट चौकीताल निवासी वार्ड बॉय राजकुमार नामदेव (25) ने इंस्टाग्राम रील देखकर जिया चैटिंग ऐप डाउनलोड किया। इसके बाद मोबाइल हैंग होने लगा और उनके खाते से 61,000 रुपये पार हो गए। इसी प्रकार कोतवाली थाना अंतर्गत स्टेट बैंक कॉलोनी निवासी राहुल सिंह ठाकुर (25) का मोबाइल बार-बार बंद हो रहा था। सर्विस सेंटर से मोबाइल सुधरवाने के बाद जब उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा का खाता चेक किया, तो दो बार में 37,000 रुपये ट्रांसफर हो चुके थे।
