इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र में करोड़ों की जमीन धोखाधड़ी के आरोपियों की दबंगई सामने आई है. फर्जी रजिस्ट्री और बैंक लोन के मामले में घिरे भू-माफियाओं ने अब बुजुर्ग डॉक्टर दंपत्ति को उनके ही घर में घुसकर धमकाया और पुलिस प्रकरण वापस लेने का दबाव बनाया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि बालाघाट में रहने वाले 71 वर्षीय फरियादी डॉ. राजरानी खरे ने शिकायत में बताया कि चिकित्सक नगर स्थित उनके प्लॉट नंबर 148 पर उनका आवासीय भवन है.
वे अपने पति डॉ. शिशिर खरे के साथ भवन परिसर में मौजूद थीं, तभी तीन युवक वहां पहुंचे. इनमें से एक ने अपना नाम रईस शेख बताया, जबकि उसके साथ आए दो अन्य युवकों के नाम जावेद और जुनैद बताए. फरियादी ने यह भी बताया कि रईस शेख ने खुद को दबंग अंदाज में पेश करते हुए कहा कि उसने उक्त संपत्ति अपने नाम करा ली है और डॉक्टर दंपत्ति को उनके द्वारा दर्ज कराया गया पुलिस केस तुरंत वापस लेना होगा. आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि यदि केस नहीं हटाया तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा.
आरोपियों ने यह भी कहा कि पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती. डॉ. राजरानी खरे ने पुलिस को यह भी बताया कि यही लोग उनकी जमीन की दो फर्जी रजिस्ट्री तैयार कर अलग अलग बैंकों से करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये का लोन उठा चुके हैं. इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ, जब संबंधित बैंक ने उनके भवन पर नोटिस चस्पा किया. इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. सोनी ने बताया कि फर्जी रजिस्ट्री और धोखाधड़ी के मामले में पहले से दर्ज केस के चलते आरोपी दबाव बना रहे थे. अब घर में घुसकर धमकी देने के मामले में भी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी
