नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मोती नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां महिलाओं के कपड़ों की दुकान के चेंजिंग रूम में 18 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान सबनम के रूप में हुई है, जो वस्त्र महल नाम की दुकान में काम करती थी।
चेंजिंग रूम में मिला युवती का शव
जानकारी के मुताबिक, बीती रात दुकान के चेंजिंग रूम में सबनम का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, साक्ष्य जुटाने के बाद दुकान को सील कर दिया गया है।
पुराने प्रेम संबंध का एंगल भी जांच के दायरे में
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सबनम का अपनी बहन के देवर के साथ प्रेम संबंध था। इस रिश्ते को लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद हो चुका था। बताया जा रहा है कि एक बार दोनों के बीच हाथापाई भी हुई थी और मामला पुलिस तक पहुंचा था। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
युवती की हत्या के बाद पुराने विवाद और कथित प्रेम संबंध को भी जांच के दायरे में रखा गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अभी तक हत्या की असली वजह और आरोपी को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
