सतना : देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती (बाल दिवस) के अवसर पर जिले के स्कूल शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही और उदासीनता सामने आई है.शनिवार 14 नवंबर को पूरे देश में बाल दिवस मनाया जा गया लेकिन जिले के शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में किसी भी प्रकार के आयोजन या जागरूकता कार्यक्रम के लिए कोई आधिकारिक सर्कुलर (परिपत्र) तक जारी नहीं किया गया.
विभागीय स्तर पर निर्देश जारी न होने के कारण जिले के अधिकांश सरकारी और निजी विद्यालयों में बाल दिवस की रौनक फीकी रही. सामान्य दिनों की तरह ही स्कूलों का संचालन हुआ और बच्चों को देश के प्रथम प्रधानमंत्री के योगदान व बाल अधिकारों से जोड़ने वाले विशेष आयोजनों से वंचित रहना पड़ा.
शिक्षक और अभिभावक भी रहे असमंजस में
शासन या जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से कोई स्पष्ट गाइडलाइन न मिलने के कारण स्कूल प्राचार्य और शिक्षक भी असमंजस की स्थिति में रहे. कुछ स्कूलों ने अपने स्तर पर औपचारिकता निभाते हुए पुष्पांजलि अर्पित की जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में कोई गतिविधि आयोजित नहीं हो सकी.
स्थानीय बुद्धिजीवियों और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग की इस कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि महापुरुषों की जयंती केवल कैलेंडर की तारीख नहीं बल्कि नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से परिचित कराने का माध्यम होती है.ऐसे में विभाग द्वारा एक सामान्य सर्कुलर तक जारी न करना गंभीर उदासीनता को दर्शाता है.
