सतना।जिले के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत खखरौंधा मोड़ के पास शनिवार को हत्या के मामले में गवाही देने वाले मुख्य गवाह पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गई गनीमत रही कि गोली कमर को छू कर निकल गई. गोली बारी की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है.प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारह पत्थर निवासी राणा यादव लालचहा में अपनी दुकान पर बैठे थे. इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि प्रिंस यादव पिस्तौल लोड करके उन्हें मारने आ रहा है. खतरे की आशंका भांपते हुए उन्होंने तुरंत दुकान बंद की और स्कूटी से अपने घर की ओर रवाना हो गए. रास्ते में खखरौंधा मोड़ के पास आरोपी ने उन पर गोली चला दी. हमले में गोली राणा यादव की कमर को छूकर निकल गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के तुरंत बाद उन्हें नागौद सिविल अस्पताल ले जाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस सूत्रों और परिजनों के मुताबिक, पिछले साल 5 सितंबर को राणा यादव के पिता अभय यादव की हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस सनसनीखेज हत्याकांड में राणा यादव मुख्य गवाह हैं. चर्चा है कि आरोपी प्रिंस यादव, जेल में बंद उसी हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव का साथी है. आरोप है कि राणा यादव पर अदालत में गवाही न देने और अपने बयान बदलने का दबाव बनाने के लिए ही यह कातिलाना हमला का प्रयाश किया गया. हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गहन जांच के बाद ही इन सभी आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
8 नवंबर की फायरिंग से भी जुड़ा है तार
यह पूरा विवाद और पुरानी घटनाओं की कड़ियों से जुड़ा हुआ है. गौरतलब है कि इससे पहले 8 नवंबर को भी नागौद थाना क्षेत्र के लालचहा मोड़ पर फायरिंग की एक वारदात हुई थी. उस मामले में प्रिंस यादव पर घनश्याम कुशवाहा पर पिस्तौल से तीन फायर करने का आरोप लगा था, जिसमें एक गोली घनश्याम के पैर में जा लगी थी. उस घटना का एक वीडियो भी काफी वायरल हुआ था. अब दोबारा दिनदहाड़े फायरिंग की इस ताजा घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. नागौद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी प्रिंस यादव की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है.
