हरदा: भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय जेवल्या की एक फेसबुक पोस्ट ने हरदा भाजपा की अंदरूनी खींचतान को सार्वजनिक कर दिया है। पोस्ट में उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष भारती कमेडिया के पति राजू कमेडिया पर निशाना साधते हुए लिखा कि हरदा नगरपालिका का भविष्य राजू कमेडिया ने खराब किया है।पोस्ट सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। वहीं कुछ समर्थकों ने इसे फेसबुक आईडी हैक होने की आशंका से जोड़कर देखा, लेकिन बाद में स्वयं विजय जेवल्या ने स्पष्ट किया कि पोस्ट उन्होंने ही की है।
जेवल्या ने कहा कि वे जमीनी स्तर के कार्यकर्ता हैं और जनता बुनियादी समस्याओं से परेशान है। उन्होंने नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे भविष्य के लिए नुकसानदायक बताया। साथ ही उन्होंने साफ कहा कि जो भी व्यक्ति पार्टी को नुकसान पहुंचाएगा, उसके खिलाफ वे खुलकर आवाज उठाएंगे।
इस घटनाक्रम के बाद भाजपा संगठन के भीतर चल रही नाराजगी और गुटबाजी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
