भिंड: मिहोना में मायके आई महिला को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। महिला ससुराल से बीमार बाबा की सेवा करने अपने मायके जगनपुरा गांव आई थी। युवक शराब के नशे में घर में घुसा और महिला पर पेट्रोल डाल दिया। इसके बाद उसने आग लगा दी। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि आग की चपेट में आकर आरोपी युवक भी घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घायल 25 वर्षीय शीलम पत्नी जबरसिंह दौहरे निवासी बझाई थाना ऊमरी छह दिन पहले अपने मायके जगनपुरा आई थी। उसके बाबा की तबीयत खराब होने के कारण वह परिवार के साथ रहकर उनकी देखभाल कर रही थी। शीलम अपनी भाभी खुशबू के साथ घर में खाना बना रही थी। तभी 27 वर्षीय अजय पुत्र बलवीर गौतम निवासी कसेरुआ नशे की हालत में वहां पहुंच गया।
आसपास के लोगों के मुताबिक युवक ने घर के छप्पर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इसके बाद चूल्हे से जलती लकड़ी उठाकर शीलम पर हमला कर दिया। अचानक आग फैलने से घर में अफरा-तफरी मच गई। बचाव के दौरान अजय भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। ग्रामीणों ने दोनों को तुरंत रौन अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में अजय की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। युवक ने आग क्यों लगाई इसका अभी पता नहीं चला है
