जबलपुर: पाटन थाना अंतर्गत ग्राम उड़ना के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक ने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने बताया कि सैफ नगर गोहलपुर निवासी अमन खान (29) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पेशे से मोटरसाइकिल मैकेनिक है। वह अपने मौसी के लड़के मोहम्मद सरताज अहमद के साथ अपनी बाइक पर सवार था। वहीं उसका चचेरा भाई अफरोज खान और मोहम्मद सलीम दूसरी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एन एल 1191 पर सवार होकर पाटन में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहे थे।
बीती रात जैसे ही उनका काफिला ग्राम उड़ना से थोड़ा आगे बढ़ा, तभी जबलपुर की ओर से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एन वी 8317 के चालक ने बेहद लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए पहले अमन की बाइक को ओवरटेक किया। इसके तुरंत बाद अनियंत्रित होकर आरोपी चालक ने आगे चल रहे अफरोज की मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अफरोज और मोहम्मद सलीम बाइक सहित सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों के हाथ, पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद अमन खान ने घायल अफरोज और सलीम को प्राथमिक उपचार के बाद मोहम्मद सरताज के साथ जबलपुर अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
इसी तरह मझौली थाना अंतर्गत इंद्राना रोड पर राजपूत ढाबा के पास रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगदम्बा नगर महाराजपुर निवासी शैलेंद्र पटेल (30) ने मझाैली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई कि वह मजदूरी का काम करता है। उसके दोस्त रतनलाल बर्मन निवासी गौरा नेगई ने उसे विष्णु वराह मंदिर दर्शन करने के लिए बुलाया था। शैलेंद्र अपने दो अन्य साथियों, शंकर सोनी और दीपक पटेल के साथ दो बाइकों पर सवार होकर रतनलाल के घर पहुंचा और वहां से सभी लोग मंदिर दर्शन के लिए निकले थे।
दोपहर करीब 1:30 बजे दर्शन करने के बाद सभी दोस्त वापस लौट रहे थे। आगे वाली मोटरसाइकिल को दीपक पटेल चला रहा था, जिस पर रतनलाल बर्मन पीछे बैठा था। उनके पीछे दूसरी बाइक पर शैलेंद्र और शंकर सोनी चल रहे थे। जैसे ही वे इंद्राना रोड पर ग्राम बीछी तिराहा और राजपूत ढाबा के बीच पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेड एच 5626 के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक और रतनलाल गाड़ी सहित सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनके हाथ-पैर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी पल्सर चालक मौके से अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया।
