भोपाल में 19 नवंबर से महिला हॉकी का महाकुंभ, छह देशों की टीमें दिखाएंगी दम

भोपाल। भोपाल में 19 नवंबर से महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन होने जा रहा है। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में होने वाली इस प्रतियोगिता में छह देशों की महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सरकार की कोशिश है कि इस प्रतियोगिता को सिर्फ खेल आयोजन नहीं, बल्कि पूरे भोपाल का जन-उत्सव बनाया जाए।

इसी सिलसिले में शुक्रवार को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने टीटी नगर स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल में स्कूल-कॉलेजों के प्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक की। बैठक में प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों को मैच देखने के लिए स्टेडियम तक लाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

मंत्री सारंग ने कहा कि इस आयोजन से युवाओं को हॉकी और खेल संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शिक्षण संस्थानों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

भोपाल को मिली बड़ी उपलब्धि

इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले भोपाल को हॉकी के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिली है। नाथू बरखेड़ा के हॉकी मैदान को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ यानी FIH से कैटेगरी-1 का प्रमाणपत्र मिला है। हैदराबाद के बाद भोपाल देश का दूसरा शहर बन गया है, जहां इस श्रेणी का प्रमाणित हॉकी मैदान मौजूद है।

मंत्री ने कहा कि इससे भोपाल में भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता मजबूत होगा। साथ ही प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।

खेल रैंकिंग में तीसरे स्थान पर मध्यप्रदेश

मंत्री सारंग ने बताया कि खेलों के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने भी बड़ी प्रगति की है। प्रदेश की खेल रैंकिंग 17वें स्थान से सुधरकर देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए स्पोर्ट्स रेजिडेंशियल अकादमियां चलाई जा रही हैं। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में खेल परिसर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बच्चों की प्रतिभा पहचानकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर देना है।

विद्यार्थियों को स्टेडियम तक लाने की तैयारी

मंत्री ने स्कूल और कॉलेज प्रबंधन से अपील की कि वे विद्यार्थियों को इस प्रतियोगिता से जोड़ें। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को खेलते हुए देखना युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा। उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

सारंग ने कहा कि सरकार, खेल संगठनों, शिक्षण संस्थानों और आम लोगों के सहयोग से महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी को यादगार बनाया जाएगा।

Next Post

हैकिंग के खतरे से MP के 25 सरकारी विभागों की वेबसाइट बंद, PHP अपडेट के लिए पोर्टल ऑफलाइन

Fri Nov 13 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश में हैकिंग के खतरे को देखते हुए करीब 25 सरकारी विभागों की वेबसाइट बंद कर दी गई हैं। इन वेबसाइटों को PHP प्रोग्रामिंग लैंग्वेज का वर्जन अपडेट करने के लिए ऑफलाइन किया गया है। बताया जा रहा है कि वेबसाइटों में करीब 10 साल पुरानी तकनीकी खामी को […]

You May Like