इंदौर.:भंवरकुआं थाना क्षेत्र में देर रात चाय की दुकान खुली रखने को लेकर पुलिसकर्मियों और दुकान संचालक के बीच विवाद सामने आया है. संचालक ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है. शिकायत के साथ मौके के सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे हैं.दुकान संचालक आशीष जैन द्वारा की गई शिकायत में बताया गया कि, देर रात करीब ढाई से 3 बजे के बीच उसकी चाय की दुकान खुली थी. इसी दौरान एफआरवी में तैनात पुलिसकर्मी गश्त करते हुए मौके पर पहुंचे. दुकान खुली मिलने को लेकर पुलिसकर्मियों और संचालक के बीच कहासुनी हो गई.
आशीष का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया. आशीष ने अधिकारियों को दिए आवेदन में यह भी स्वीकार किया है कि इतनी देर रात दुकान खुली रखना नियमों के विपरीत था. उसने पूरे घटनाक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज अधिकारियों को सौंपकर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. मामले में एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कराया जा रहा है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
