इंदौर. विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन इनके दौरान आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा भी अहम है. नौलखा क्षेत्र में नर्मदा लाइन के काम के बाद सड़क की बदहाल स्थिति से राहगीर, रहवासी और व्यापारी परेशान हैं.चितावद तिराहे से नौलखा चौराहे तक सड़क किनारे नर्मदा पाइपलाइन के लिए खुदाई की गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, खुदाई और पाइपलाइन डालने में कई दिन लगे.
काम पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत करने के बजाय खुदे हिस्सों में मिट्टी डालकर छोड़ दिया. कई जगह गड्ढे अब भी हैं, जिससे वाहन चालकों, राहगीरों और रहवासियों को परेशानी हो रही है. दुकानों के सामने खुदाई और खराब रास्ते से ग्राहकी प्रभावित हुई. त्योहार से पहले शुरू हुआ काम दीपावली के दौरान भी परेशानी बना रहा. खुदाई से निकली मिट्टी कई दिनों तक नहीं हटाई गई. बाद में व्यापारियों ने अपने खर्च पर उसे हटवाया. सवाल है कि जिस काम को आठ दिन में पूरा किया जा सकता है, उसमें 20 दिन क्यों लगाए जा रहे हैं? निगम की देरी से जनता परेशान है और सरकारी धन भी बर्बाद हो रहा है.
इनका कहना है…
दीपावली के पंद्रह दिन पहले से लाइन की खुदाई का कार्य चला आ रहा है. धूल-मिट्टी बहुत उड़ रही है, दुकान के सामने कार्य से व्यापार भी प्रभावित हुआ है.
– प्रशांत सैनी
लापरवाही इतनी की गई कि कार्य के दौरान खोदी गई मिट्टी दुकान के सामने डाल दी, मैंने पैसे देकर निजी वाहन बुलवाकर मिट्टी उठवाई. अभी वाहन खड़े नहीं कर सकते.
– भगवान दास खंडेलवाल
कार्य के दौरान फैली मिट्टी के कारण आते-जाते वाहन चालक फिसलकर गिर जाते हैं. आने वाले ग्राहक भी गिरते पड़ते हैं. किससे शिकायत करें, कोई सुनता भी नहीं.
– अतुल हार्डिया
