यरूशलम, (वार्ता) इज़रायल ने रविवार पुष्टि की कि हमास ने तीन महिला इज़रायली बंधकों को गाजा में रेड क्रॉस को स्थानांतरित कर दिया है। बाद में रेड क्रॉस ने इन तीनों को इजरायल रक्षा बल(आईडीएफ) को सुपुर्द कर दिया।
इजरायल सरकार ने ‘एक्स’ रिहा किये गये बंधकों को आईडीएफ को सुपुर्द किये जाने का वीडियों साझा करते हुये कहा,“एमिली, रोमी और डोरोन को रेड क्रॉस से आईडीएफ के सदस्यों में स्थानांतरित कर दिया गया है।”
इनकी रिहाई हमास के 7 अक्टूबर 23 को हमले के दौरान उनके अपहरण के 15 महीने से अधिक समय बाद युद्धविराम समझौता प्रभावी होने के बाद हुयी है।
इससे पहले दिन में इज़रायली सेना और शिन बेट घरेलू सुरक्षा एजेंसी ने एक संयुक्त बयान में कहा कि रेड क्रॉस ने उन्हें सूचित किया कि तीन बंधक गाजा में इज़रायली बलों के साथ एक बैठक स्थल की ओर “जा रहे है”।
वहां से, उन्हें गाजा सीमा के इजरायली पक्ष पर एक सैन्य चौकी पर ले जाया जाएगा। जहां वे सैन्य हेलीकॉप्टर द्वारा तेल अवीव के बाहर एक अस्पताल में ले जाने से पहले अपने परिवारों के साथ फिर से मिलेंगे।
रेड क्रॉस ने इज़रायल को सूचित किया कि प्रारंभिक चिकित्सा जांच से संकेत मिलता है कि बंधक “अच्छी” स्थिति में हैं।
यह तीन चरण के समझौते के तहत बंधकों की पहली रिहाई है, जिसने अक्टूबर 2023 में शुरू हुई लड़ाई को रोक दिया। कुल 90 फिलिस्तीनी बंदियों को रविवार को इजरायली जेलों से रिहा किया जाएगा। समझौते के तहत, सैकड़ों फिलिस्तीनी बंदियों के बदले में 33 बंधकों को मुक्त किए जाने की उम्मीद है।
