ईरान अमेरिका की अपेक्षाओं को पूरा करने में विफल रहेगा तो सैन्य कार्रवाई फिर संभव: वेंस

वाशिंगटन, 02 जुलाई (वार्ता) अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने गुरुवार को कहा कि दोहा में ईरान के साथ वार्ता सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रही है लेकिन अगर ईरान अमेरिका की अपेक्षाओं को पूरा करने में विफल रहता है तो सैन्य कार्रवाई अभी भी एक विकल्प है।

वर्जीनिया में नौसेना वायु स्टेशन ओशियाना में मरीन को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए श्री वेंस ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कूटनीति के रास्ते पर चलने के लिए प्रतिबद्ध हैं लेकिन अगर ईरान ने ऐसी गतिविधियां फिर से शुरू कीं जो अमेरिका के लिए खतरा हो सकता है तो वह कार्रवाई करने में संकोच नहीं करेंगे।

श्री वेंस ने कहा, “मैं किसी चीज़ का पक्का वादा नहीं कर सकता हूं क्योंकि यह इस बात पर निर्भर करेगा कि ईरान आख़िरकार क्या करने वाला हैं। मैं बस इतना कह सकता हूं कि राष्ट्रपति ट्रंप हमारी सेना को तब तक वापस नहीं भेजेंगे जब तक कि ऐसा करना ज़रूरी न हो या जब तक इसके लिए कोई साफ़ मक़सद न हो।”

श्री वेंस ने कहा कि भविष्य में तनाव का बढ़ना ईरान की गतिविधियों पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि अगर ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम फिर से शुरू करने की कोशिश करता है या वाणिज्यिक जहाजों पर फिर से हमला करने की कोशिश करता है तो इससे हमारी रणनीति बदल जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि ट्रंप प्रशासन ने वार्ताकारों को ईमानदारी से समझौता करने का निर्देश दिया था। श्री वेंस की बातों से संकेत मिलता है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर ठोस बातचीत अभी शुरू होनी बाकी है।

श्री वेंस ने दोहराया कि अगर ईरान ने अपनी परमाणु क्षमता दोबारा बनाने की कोशिश की, अंतरराष्ट्रीय निरीक्षण से इनकार किया या वाणिज्यिक जहाजों पर फिर से हमला शुरू किया तो अमेरिका और सैन्य कार्रवाई पर विचार करेगा।

ये टिप्पणियां तब की गई है जब कतर और पाकिस्तान के मध्यस्थों ने दोहा में वाशिंगटन और तेहरान के बीच हुई अप्रत्यक्ष बातचीत के ताज़ा दौर में प्रगति की जानकारी दी।

आज जारी एक संयुक्त बयान में, कतर के विदेश मंत्रालय और पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिकी और ईरानी वार्ताकारों के साथ अलग-अलग बैठकें हुईं और बातचीत के माध्यम से इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक प्रगति हुई है; यह समझौता ज्ञापन मौजूदा युद्धविराम संरचना का आधार है।

बयान में कहा गया कि ये बातचीत स्विट्ज़रलैंड में लेक लूसर्न शिखर सम्मेलन में हुई चर्चाओं पर आधारित थी और दोनों पक्ष बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए हैं। मध्यस्थों के अनुसार, ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद बातचीत का अगला दौर जल्द से जल्द निर्धारित किया जाएगा।

 

 

Next Post

गांवों की आर्थिक रीढ़ को मजबूत करेगी वीबी-जीराम जी योजना: सांसद

Thu Jul 2 , 2026
रीवा,भारत सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका और रोजगार को नई दिशा देने के लिए शुरू किए गए महत्वाकांक्षी अभियान विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जीराम जी योजना शुरू की गई है. योजना का जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान में आयोजित किया गया. […]

You May Like